करसोग (मंडी)। शादी समारोह से लौट रहे रिश्तेदारों की कार करसोग-छतरी मार्ग पर निहारी नाला के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक महिला की मौत हो गई जबकि पति और दो बच्चों समेत पांच लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को करसोग अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया है। हादसा सोमवार देर रात पेश आया।
मृतक महिला की पहचान सुकमा देवी (28) पत्नी टेक चंद निवासी शालोगी के रूप में हुई है। घायलों में टेक चंद (34) निवासी शालोगी, बेटा नरेंद्र कुमार, बेटी नेहा कुमारी, ज्योति प्रकाश पुत्र नारायण सिंह निवासी निशानी और चालक अशोक कुमार (25) पुत्र श्याम लाल निवासी झरेड़ के रूप में हुई है।
चौड़ीधार में शादी समारोह से अपने घर जा रहे परिवार की गाड़ी निहारी नाला के पास अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इसमें सुकमा देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पांच लोग गंभीर घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों ने सभी घायलों को खाई से निकाला और 108 एंबुलेंस के जरिये अस्पताल पहुंचाया। करसोग अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद सभी को आईजीएमसी रेफर कर दिया है। पुलिस ने भी मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में चालक की लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है। प्रशासन ने घायलों को पांच हजार और मृतक महिला के परिजनों को 20 हजार की फौरी राहत दी है। उधर हादसे पर करसोग के विधायक हीरालाल ने शोक जताया है। हादसे के बाद शालोगी गांव में मातम पसर गया है।
000