शिमला। भूमिहीन होने का फर्जी शपथपत्र देकर पीएम आवास योजना के तहत ढली में मकान हासिल करने वाली महिला सोमवार को नगर निगम कार्यालय में पेश हुई। यहां संयुक्त आयुक्त अजीत भारद्वाज के कार्यालय में अपना बयान दर्ज करवाया।
सूत्रों के अनुसार महिला ने दावा किया कि उसके पास कोई जमीन नहीं है। उत्तर प्रदेश में जो जमीन उसकी बताई जा रही है, वह उसके लिए कभी यूपी नहीं गई। वह कई सालों से शिमला में ही रह रही है और यहां उसके पास न कोई घर है और न ही जमीन। फिलहाल नगर निगम प्रशासन ने महिला के बयान दर्ज कर लिए हैं। अब आयुक्त पंकज राय की अगुवाई वाली आवास आवंटन कमेटी बैठक कर फैसला लेगी कि क्या कार्रवाई करनी है। क्या इसे आवास देना है या नहीं। यदि नहीं देना है तो क्या इस पर आपराधिक मुकदमा दर्ज करवाना है, इस पर जल्द फैसला लिया जाएगा। गौरतलब है कि पीएम आवास योजना के तहत ढली में महिला ने आवास हासिल किया है, लेकिन इसकी यूपी में भी जमीन है। नियमानुसार जमीन होने पर किसी को ये आवास नहीं मिल सकते।