कुफरी। शिवरात्रि पर हुई बर्फबारी के बाद शिमला के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कुफरी में सैलानियों की आमद में भारी इजाफा हुआ है। कुफरी के टूरिस्ट प्वाइंटों पर पहुंचने वाले सैलानियों की संख्या तीन दिन के भीतर दोगुनी हो गई है। 20 फरवरी तक रोजाना यहां 800 से 1000 सैलानी पहुंच रहे थे जबकि 21 फरवरी को बर्फबारी के बाद से रोजाना यहां दो हजार से अधिक सैलानी पहुंच रहे हैं। कुफरी में सैलानी जमकर बर्फ में अठखेलियां कर रहे हैं। सैलानियों की आमद बढ़ने से पर्यटन कारोबारी भी खासे उत्साहित हैं। हालांकि, पर्यटकों समेत लोगों को जाम की समस्या से भी जूझना पड़ रहा है।
महासू में टेलीस्कोप और ढाबा संचालक श्याम ठाकुर, मोहन सिंह, राजीव और विजय घोड़ा संचालक शिव सिंह, प्रकाश, चतर सिंह और राजेंद्र ने बताया कि 15 फरवरी तक सर्दी का टूरिस्ट सीजन धीमा पड़ जाता था लेकिन इस बार शिवरात्रि पर हुई बर्फ बारी से सीजन ने फिर रफ्तार पकड़ ली है। सोमवार को भी कुफ री और महासू पीक में भारी संख्या में सैलानी पहुंचे और स्कीइंग का भी लुत्फ उठाया। कुफरी के अलावा छराबड़ा, फागू, चायल, मशोबरा और नालदेहरा में भी इन दिनों भारी संख्या में सैलानी उमड़ रहे हैं।
पंचायतों की स्वच्छता शुल्क आमदनी बढ़ी
कुफरी में स्थानीय पंचायतें सैलानियों से स्वच्छता शुल्क वसूलती हैं। विंटर सीजन लंबा चलने से पंचायतों की कमाई में भी इजाफा हुआ है। कुफ री और महासू पीक आने वाले पर्यटकों से दस रुपये प्रति पर्यटक वसूले जाते हैं। बणी पंचायत के प्रधान राजेंद्र झीना ने बताया कि सैलानियों की आमद बढ़ने पंचायत की कमाई बढ़ी है। बर्फबारी के बाद सैलानियों की आमद में दोगुना बढ़ोतरी हुई है।