शिमला। शिमला पुलिस ने एटीएम के साथ छेड़छाड़ करने के आरोप में लुधियाना के रहने वाले दंपती को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान संजीव कुमार (43) और किरन (34) के तौर पर हुई है। यह अशोक नगर लुधियाना के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
एसबीआई संजौली शाखा के प्रबंधक अश्वनी ठाकुर ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस को शिकायत की है। इन पर आरोप है कि दोनों 25 जुलाई को एसबीआई एटीएम संजौली में आए और उन्होंने एटीएम से पैसा निकाला। लेकिन इस दौरान आरोपियों ने छाते की मदद से एटीएम की पॉवर सप्लाई ठप कर दी और उसके बाद दावा किया कि उनका पैसा एटीएम से नहीं निकला है। एसबीआई ने जांच के दौरान पाया कि उस दिन उन्हें एटीएम से पैसा मिला है। इसी दौरान यह दंपती 9 अगस्त को संजौली में एचडीएफसी बैंक के एटीएम में पहुंचे और वहां भी इसी तरह की हरकत करने लगे। लेकिन इस बार इनका भंडाफोड़ हो गया और वह पकड़े गए।
इन्हें पूछताछ के लिए संजौली पुलिस चौकी ले जाया गया, जहां आरोपियों से पूछताछ हुई। एएसपी सिटी प्रवीर ठाकुर ने कहा कि दोनो को गिरफ्तार कर थाना ढली में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों को अदालत में पेश कर उनका रिमांड हासिल किया गया है।