हमीरपुर के कोरोना संक्रमित मृतक की अंत्येष्टि नेरचौक की सुकेती खड्ड के किनारे बने शमशानघाट में हिंदू रीति-रिवाज के साथ हुई। एसडीएम बल्ह आशीष शर्मा ने बताया कि चिता पर दाह संस्कार के समय बेटे के इच्छा जताने के बाद कोरोना संक्रमित मृतक का चेहरा दिखाया गया। पुलिस पहरे और अधिकारियों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार हुआ।
परिजनों को अंतिम दर्शन भी कराए गए। पीपीई किट पहने 25 साल के बड़े बेटे ने पिता को मुखाग्नि दी। शुक्रवार शाम को 52 वर्षीय कोरोना संक्रमित अस्थमा रोगी ने भोटा से नेरचौक मेडिकल कॉलेज पहुंचते ही एंबुलेंस में दम तोड़ दिया था। इसके बाद शव को शवगृह में रखा गया।
देर रात नेरचौक पहुंचे परिजनों की रजामंदी के बाद प्रशासन ने अंत्येष्टि मंडी के नेरचौक में करने का निर्णय लिया। परिजनों की इच्छानुसार हिंदू रीति-रिवाज से संस्कार करवाने के लिए प्रशासन ने पंडित की भी व्यवस्था की। डीसी मंडी ऋग्वेद ठाकुर ने बताया कि बल्ह प्रशासन ने रीति-रिवाज से परिजनों की इच्छानुसार मृतक की अंत्येष्टि की।