पार्षद की शिकायत के बाद हरकत में आया प्रशासन, जारी किए आदेश
बालूगंज चौक से चक्कर जाने वाली आधा किलोमीटर सड़क पर रोजाना गुजरते हैं हजारों वाहन
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। शहर के बालूगंज से चक्कर जाने वाली सड़क का नगर निगम जियोलॉजिकल सर्वे करवाने जा रहा है। सड़क के लगातार धंसने व बालूगंज वार्ड के पार्षद दलीप थापा की ओर से दी शिकायत के बाद नगर निगम प्रशासन हरकत में आया है। लिहाजा अब नगर निगम आयुक्त ने मामले पर संज्ञान लेते हुए भारतीय भू वैज्ञानिक (जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया) टीम से निरीक्षण करवाने की बात कही है। टीम के सर्वेक्षण के बाद सड़क को लेकर आगामी फैसला लिया जा सकेगा।
बालूगंज से चक्कर को जाने वाली शार्टकट सड़क से रोजाना हजारों लोग आवाजाही करते हैं, लेकिन पिछले कई सालों से सड़क धंस रही है। इससे सड़क के एक कोने में दरारें भी आ गई हैं। इससे न केवल वाहन चालकों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है, बल्कि दुर्घटना का अंदेशा भी बना हुआ है। ऐसे में किसी तरह की अनहोनी न हो इसको लेकर नगर निगम सतर्क हो गया है। निगम का दावा है कि जियोलॉजिकल सर्वे रिपोर्ट मिलते ही सड़क की मरम्मत और मजबूती का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
बालूगंज वार्ड के पार्षद दलीप थापा ने हाल ही में नगर निगम के सदन में इस मामले को उजागर किया है। पार्षद की ओर से बाकायदा इसको लेकर फोटो भी महापौर सुरेंद्र चौहान और निगम आयुक्त भूपेंद्र अत्री को सौंपे गए हैं। पार्षद ने कहा कि इसको लेकर प्वाइंट ऑर्डर में भी यह मामला लाया गया है। बता दें कि पिछले ढाई सालों से भी अधिक समय से यह सड़क धंस रही है, लेकिन इस ओर ध्यान न देने के कारण यह समस्या और गंभीर हो गई है।
सड़क का करवाया जाएगा सर्वे
सदन में पार्षद ने मामला उठाया है। लिहाजा मामले की गंभीरता को देखते हुए सर्वे करवाने का फैसला लिया गया है। इसको लेकर बातचीत की जा रही है।
- भूपेंद्र अत्री, आयुक्त, नगर निगम शिमला