वहीं, सोशल मीडिया पर पिछले दो दिन से वैक्सीन दो जयराम सरकार हैशटैग के साथ एक अभियान शुरू हो गया है। युवा कांग्रेस ने यह अभियान छेड़ा है। ट्विटर और फेसबुक पर चलाए जा रहे इस अभियान के जरिये सरकार पर 18 से 44 साल के बीच के लोगों के लिए कोविड टीकाकरण शुरू करने का दबाव बनाया जा रहा है। सरकार से वैक्सीनेशन का तृतीय चरण शुरू करने की तारीख पूछी गई है। प्रदेश में कोविड संक्रमण और इससे मरने वालों की संख्या में बढ़ोतरी के साथ ही वैक्सीन को लेकर आम जनता से लेकर कांग्रेस ने भी दबाव बनाना शुरू कर दिया है।
हिमाचल युवा कांग्रेस के नेताओं की ओर से शुरू किए गए इस अभियान में पिछले चौबीस घंटे में इस हैशटैग के साथ हजारों की संख्या में ट्वीट किए गए हैं। इसमें वैक्सीन मुहैया न कराने पर सरकार पर सवाल भी उठाए गए हैं। बता दें कि देशभर के विभिन्न राज्यों में 18 से 44 साल के बीच के लोगों के लिए कोविड वैक्सीन का टीकाकरण पहले ही शुरू हो गया है। जयराम मंत्रिमंडल ने भी एक मई से वैक्सीनेशन का निर्णय लिया था। लेकिन कैबिनेट के फैसले के बाद विभाग ने यह कहकर तीसरे चरण का अभियान शुरू नहीं किया कि उसके पास वैक्सीन ही नहीं है। हालांकि 45 साल से ऊपर के लोगों को टीका लगाने का कार्यक्रम जारी रहा।
15 मई के बाद शुरू हो सकता है अभियान
स्वास्थ्य विभाग के प्रवक्ता का कहना है कि टीकाकरण के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। संभव है कि पंद्रह मई तक वैक्सीन की पहली खेप हिमाचल प्रदेश पहुंच जाएगी। जिसके बाद 18 से 44 साल के बीच के लोगों के लिए तीसरे चरण का वैक्सीनेशन भी शुरू जो जाएगा।