पर्यटन नगरी मनाली को जोड़ने वाला कुल्लू-मनाली राष्ट्रीय उच्च मार्ग तीन स्थित रांगड़ी में ग्रीन टैक्स बैरियर फास्टैग सुविधा वाला देश का पहला ग्रीन टैक्स बैरियर बन गया है। गुरुवार को उपायुक्त कुल्लू एवं पर्यटन विकास परिषद मनाली के अध्यक्ष आशुतोष गर्ग ने इसका लोकार्पण किया।
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू-मनाली राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर रांगड़ी में स्थापित ग्रीन टैक्स बैरियर फास्टैग सुविधा से जुड़ने वाला देश का पहला ग्रीन टैक्स बैरियर बन गया। वीरवार को उपायुक्त कुल्लू एवं पर्यटन विकास परिषद मनाली के अध्यक्ष आशुतोष गर्ग ने फास्टैग सुविधा का शुभारंभ किया। उपायुक्त ने कहा कि प्रदेश के बाहर से आने वाली गाड़ियों को ग्रीन टैक्स का भुगतान करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए इस ग्रीन टैक्स बैरियर पर ऑनलाइन फास्टैग की सुविधा प्रदान की गई है। इससे पर्यटन नगरी मनाली स्थित इस बैरियर पर लंबे जाम से राहत मिलेगी और वाहन चालकों, पर्यटकों का समय भी बचेगा।
विज्ञापन
फास्टैग सुविधा की पहल जिला प्रशासन कुल्लू तथा पर्यटन विकास परिषद मनाली ने आईएचएमसीएल, एनपीसीआई तथा आईडीएफसी फर्स्ट बैंक के सहयोग से की है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने वर्ष 2018 में ग्रीन टैक्स बैरियर की आधारशिला रखी थी। ग्रीन टैक्स बैरियर पर फास्टैग सुविधा से दक्षता व पारदर्शिता आएगी तथा इससे आसानी से पता लग सकेगा कि मनाली में दिन में कितने वाहन बाहर से आए और वापस गए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के ढांचे मनाली वोल्वो बस स्टैंड के पास तथा जिला में अन्य स्थानों पर आने वाले समय में स्थापित किए जाएंगे, जिससे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि ग्रीन टैक्स से प्राप्त राशि मनाली और इसके आसपास के क्षेत्रों में प्रदूषण नियंत्रण तथा अन्य विकास कार्यों पर व्यय होगी।
पर्ची सिस्टम से मिलेगी राहत
ग्रीन टैक्स बैरियर पर अब सैलानियों को पर्ची सिस्टम से छुटकारा मिलेगा। बैरियर पर मोटरसाइकिल का 100 रुपये, कार का 200, स्कॉर्पियो का 300 और बसों का 500 रुपये टैक्स लगता है।