अस्पताल में लंबी लाइनों में लगने से मिलेगा छुटकारा
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। शहर के समिट्री, भट्ठाकुफर और ढली के मरीजों को खांसी, जुकाम तथा बुखार के उपचार के लिए अब बड़े अस्पतालों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
शांति विहार वार्ड के तहत समिट्री में नगर निगम के भवन में इसी महीने अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर को लोगों की सुविधा के लिए खोल दिया जाएगा। महापौर सुरेंद्र चौहान ने यह जानकारी दी। नगर निगम की ओर से यहां बने भवन में स्वास्थ्य विभाग को जगह मुहैया करवाई गई है। निगम के इस भवन में अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर खोला जाएगा। सोमवार को यहां स्ट्रेचर और व्हील चेयर समेत अन्य फर्नीचर पहुंच गया है।
विज्ञापन
महापौर सुरेंद्र चौहान ने शांति विहार वार्ड के पार्षद विनीत शर्मा के साथ यहां की व्यवस्थाओं की जांच को लेकर दोपहर बाद दौरा किया। महापौर सुरेंद्र चौहान ने बताया कि भवन में मरीजों की सुविधा के लिए फर्नीचर उपलब्ध हो गया है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग जल्द ही यहां पर डॉक्टर, फार्मासिस्ट, एनएनएम और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की तैनाती कर देगा। स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों की तैनाती के बाद यहां पर रूटीन की बीमारियों का उपचार शुरू कर दिया जाएगा। इस सुविधा के शुरू होने के बाद शहर के समिट्री, भट्ठाकुफर और ढली से आने वाले बच्चे, बुजुर्ग मरीजों को छोटी-छोटी बीमारियों के लिए आईजीएमसी तथा डीडीयू अस्पताल के चक्कर नहीं काटने होंगे। वहीं उपचार को लेकर लंबी लाइनों में भी खड़े होने के झंझट से उन्हें लाभ मिलेगा। इसके अलावा संजौली पीएचसी में मरीजों का अतिरिक्त भार भी कम हो जाएगा। महापौर सुरेंद्र चौहान ने बताया कि फरवरी तक शहर के सभी पांचों वेलनेस सेंटर को सुचारू रूप से चलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय बनाकर काम किया जा रहा है।