दोपहर करीब 3:00 बजे नगर निगम की टीम दल बल के साथ सीटीओ चौक पहुंची और सड़क पर सजा सामान जब्त करना शुरू कर दिया। बुक मार्केट में सड़क पर सामान बेच रहे कई फल विक्रेताओं का सामान उठाया गया। टनल के पास भी सड़क पर रखे कपड़े निगम टीम ने उठा लिए। दोपहर 3:20 बजे दिल्ली स्टोर से कुछ दूर आग एक जूता कारोबारी ने सड़क पर जूते लगा रखे थे। निगम टीम ने इन्हें उठाना शुरू किया तो कारोबारी ने विरोध जता दिया। यह निगम की गाड़ी में जब्त किया अपना सामान निकालने लगा। निगम टीम ने इसे रोका और कहा कि ऐसी मनमानी नहीं चलेगी। टीम ने एक एक कर कई कारोबारियों का सामान जब्त कर लिया। इसके बाद करीब 4:15 बजे निगम टीम ने लक्कड़ बाजार में भी औचक निरीक्षण किया। यहां एक जूस विक्रेता ने कार्रवाई पर विरोध जताया और बहसबाजी शुरू कर दी। निगम टीम ने इसे बताया कि जुर्माना देने के बाद ही अब सामान वापस मिलेगा। बालूगंज में भी कई फल और सब्जी विक्रेताओं का सामान निगम ने जब्त कर लिया। शहरभर में नगर निगम ने कुल 30 दुकानदारों का सामान जब्त किया है।
छह विक्रेताओं पर केस
शहर के बाजारों में अतिक्रमण करने पर पुलिस ने भी कार्रवाई की है। छह फल और सब्जी विक्रेताओं पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। नगर निगम आयुक्त आशीष कोहली ने कहा कि बाजारों में अतिक्रमण रोकने के लिए कारोबारी नेताओं के साथ बैठक की है। दुकानदारों को अतिक्रमण न करने को कहा गाय है। तहबाजारियों के लिए लाइन लगाकर स्थान चिन्हित किए जाएंगे।