वहीं, निजी स्कूलों की मनमानी पर लगाम कसते हुए उच्च शिक्षा निदेशक ने प्रदेश के सभी अभिभावकों से साल 2019 में निधार्रित फीस ही चुकाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि निजी स्कूलों से अधिक फीस वसूलने को लेकर भेजे जा रहे एसएमएस से घबराने की जरूरत नहीं है। कोई भी अभिभावक स्कूल प्रबंधन के दबाव में ना आकर अधिक फीस जमा न करवाए। उन्होंने कहा कि सरकारी आदेशों को न मानने वाले निजी स्कूलों कि नाम सहित उप शिक्षा निदेशक या शिक्षा निदेशालय में शिकायत की जाए।
उन्होंने कहा कि शिकायत करने वाले किसी भी अभिभावक का नाम सार्वजनिक नहीं किया जाएगा। प्रदेश सरकार ने कोरोना महामारी के दौरान निजी स्कूलों को सिर्फ ट्यूशन फीस वसूलने के आदेश दिए हैं। राज्य मंत्रिमंडल ने बीते साल तय की गई ट्यूशन फीस ही वसूलने को कहा है। इसके बावजूद प्रदेश में कई निजी स्कूलों ने ट्यूशन फीस में कई तरह के अन्य फंड शामिल कर दिए हैं। अभिभावकों को एसएमएस कर निजी स्कूल जल्द से जल्द फीस जमा करवाने का दबाव भी बना रहे हैं।
बीते दिनों ही इस समस्या को लेकर छात्र अभिभावक मंच ने निदेशालय का घेराव भी किया था। मंच के पदाधिकारियों ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों पर निजी स्कूलों कों संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए अधिकारियों के पूतले फूंकने की चेतावनी भी दी। इसी कड़ी में शिक्षा निदेशालय ने सख्ती बरतते हुए अभिभावकों से अधिक फीस नहीं देने की अपील की है। निदेशक डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा ने कहा कि सरकार के आदेश न मानने वाले निजी स्कूलों की शिकायत की जानी चाहिए। ऐसे स्कूलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
शिमला में मनमानी कर रहे निजी स्कूलों का होगा निरीक्षण
उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा ने बताया कि राजधानी शिमला में फीस के नाम पर मनमानी करने वाले कई निजी स्कूलों की शिकायतें प्राप्त हुई है। उप शिक्षा निदेशक शिमला को ऐसे स्कूलों का निरीक्षण कर रिकार्ड जांचने के आदेश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी आदेशों की अवहेलना कर अधिक फीस वसूलने वाले निजी स्कूलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उधर, एचपीयू ने संबद्ध सभी मेडिकल, डेंटल, आयुर्वेदिक, होम्योपैथी और नर्सिंग कॉलेजों को शैक्षणिक सत्र 2019-20 के छात्रों के रजिस्ट्रेशन फॉर्म ऑनलाइन मंजूर कर विवि को भेजने के निर्देश दिए है। इसे रजिस्ट्रेशन पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन जमा करवाया जाएगा। अतिरिक्त परीक्षा नियंत्रक के इसके लिए संस्थानों को सर्कुलर जारी किया है। इसमें फार्म को विवि के रजिस्ट्रेशन पोर्टल के माध्यम से 15 जुलाई तक का समय दिया है।
इसमें कहा गया है कि कुछ कॉलेजों ने अभी तक एग्जाम पोर्टल से अपना यूजर आईडी तक नहीं बनाया है। वहीं एग्जाम के लिए अप्लाई करने वालों के फॉर्म प्रिंसिपल की आईडी से अप्रूव नहीं किए गए हैं। इसलिए विवि ने सभी ऐसे कॉलेज प्राचार्य को जल्द से जल्द अपना आईडी क्रिएट करने, अपने छात्रों के रजिस्ट्रेशन फॉर्म को अप्रूव करने की प्रक्रिया पूरी करने को कहा है। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन से संबंधित समस्या पेश आने पर 0177-2833598 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
डीएलएड के लिए अब 27 जून तक आवेदन
प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने डीएलएड में प्रवेश परीक्षा के लिए ऑनलाइन फार्म भरने की तिथि को बढ़ा दिया है। अब डीएलएड में प्रवेश परीक्षा का ऑनलाइन फार्म भरने की अंतिम तिथि 20 से बढ़ाकर 27 जून कर दी गई है। डीएलएड प्रवेश परीक्षा 12 जुलाई को ली जाएगी। बोर्ड की वेबसाइट पर तिथि बढ़ाने की सूचना डाल दी गई है। अधिक जानकारी के लिए बोर्ड के नंबर 01892-242192 पर संपर्क कर सकते हैं।