हिम सुरक्षा अभियान के तहत प्रदेश में 21,54,952 लोगों की जांच की गई है। 29,135 लोगों को खांसी जुकाम की शिकायत है। । 8,476 में तपेदिक और 688 में कुष्ठ रोग की पहचान की गई है। सरकार ने सभी जिलों में अधिकारियों को कोविड और कुष्ठ रोग के संभावितों के तत्काल सैंपल लेने के निर्देश दिए हैं। यह जानकारी स्वास्थ्य सचिव अमिताभ अवस्थी ने दी है। उन्होंने कहा कि अब तक जिला बिलासपुर में 1,23,058, चंबा में 1,52,480, हमीरपुर में 1,86,825, कांगड़ा में 4,87,758, किन्नौर में 18,313, कुल्लू में 1,61,723, लाहौल-स्पीति में 5,943, मंडी में 3,69,730, शिमला में 1,46,761, सिरमौर में 1,37,907, सोलन में 1,98,892 और ऊना में 1,65,562 लोगों की स्वास्थ्य जांच की जा चुकी है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने 24 नवंबर को इस अभियान की शुरुआत की थी। यह 27 दिसंबर 2020 तक चलेगा। इसमें स्वास्थ्य, आयुर्वेदिक, सामाजिक एवं न्याय अधिकारिता विभाग, ग्रामीण और पंचायती राज विभाग की टीमें बनाई गई हैं। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2019 के लिए टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के प्रभावी कार्यान्वयन में राज्य को पहले ही देश में सर्वश्रेष्ठ राज्य के रूप में स्थान दिया गया था।