नए मामलों के साथ हिमाचल में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 90 पहुंच गया है। इनमें 41 सक्रिय मामले हैं जबकि 42 लोग ठीक होकर घर जा चुके हैं। चार लोग इलाज के लिए बाहर गए हैं तो कांगड़ा, मंडी और हमीरपुर के तीन लोगों की मौत हो चुकी है। सोमवार को हमीरपुर और ऊना का एक-एक मरीज ठीक हो गया है। इन्हें मंगलवार को अस्पताल से घर भेज दिया जाएगा।
विदेश से लौटे 29 हिमाचलियों की होगी घर वापसी
विदेश गए 29 हिमाचलियों की जल्द ही घर वापसी होने जा रही है। केंद्र सरकार विदेश में लंबे समय से फंसे इन हिमाचलियों को हवाई जहाज और समुद्र के रास्ते भारत के विभिन्न शहरों में ले आई है। अलग-अलग शहरों में क्वारंटीन इन हिमाचलियों को प्रदेश लाकर नौ सौ रुपये प्रति व्यक्ति प्रतिदिन के हिसाब से पर्यटन निगम के पांच चुने हुए होटलों में अगले 14 दिन के लिए क्वारंटीन किया जाएगा।
स्थानीय आयुक्त दिल्ली व प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री संजय कुंडू ने बताया कि सभी का इस दौरान स्वास्थ्य परीक्षण होगा और निगेटिव मिलने पर उन्हें होम क्वारंटीन में भेजा जाएगा। उल्लेखनीय है कि 19 हिमाचली ढाका, रियाद, सिंगापुर, फिलिपिंस, दुबई, और यूएएस में फंसे हुए थे। इन्हें सरकार विशेष विमान से दिल्ली ला चुकी है। इसी तरह मालदीव में फंसे पांच हिमाचलियों को केरल और दुबई में फंसे पांच हिमाचलियों को अमृतसर लाकर क्वारंटीन किया गया है।
वहीं, सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि क्वारंटीन केंद्रों में दो लोगों की मौत के मामले में रिपोर्ट तलब की गई है। एक घटना पर पहले ही रिपोर्ट मांग ली गई है, जबकि दूसरे मामले में सोमवार को रिपोर्ट मांगी गई है।
पहले स्वारघाट के एक युवक को शिमला लाते समय उसकी मौत हो गई थी। दूसरी नेरचौक में हुई है। दोनों ही घटनाओं ने परेशान किया है। बाहर से आने वाले लोगों की काउंसलिंग पर ध्यान दिया जा रहा है।