हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार को 144 कोरोना पॉजिटिव मामले आए हैं। सोलन में 22, ऊना में 15, चंबा में 17, कांगड़ा 30, सिरमौर में 35, शिमला में 12, बिलासपुर में 7, हमीरपुर दो, मंडी 1, किन्नौर में 2 और कुल्लू में 1 कोरोना पॉजिटिव मामला आया है। इसके साथ ही प्रदेश में कोरोना संक्रमितों का कुल आंकड़ा 5637 पहुंच गया है। सक्रिय मामले 1413 हैं। अब तक 4149 मरीज ठीक हो चुके हैं। शुक्रवार को 141 और मरीज ठीक हो गए हैं। प्रदेश में कोरोना से 31 लोगों की मौत हो चुकी है। 42 मरीज ठीक होकर राज्य के बाहर चले गए हैं।
शिमला शहर में शुक्रवार को कोरोना के 11 नए मामले आए। इनमें इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) के ऑर्थो, सर्जरी और कोरोना संदिग्ध वार्ड में मरीज पॉजिटिव पाए गए हैं। शहर के पंथाघाटी, न्यू शिमला, टुटीकंडी, संकटमोचन, बालूगंज, लोअर और अपर चक्कर से भी कोरोना के मामले आए हैं। बताया जा रहा है कि इनमें कुछ लोग वह हैं जो हाल ही में पॉजिटिव आए एक बैंक कर्मचारी के संपर्क में रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने बैंक को पहले ही सील कर दिया है। इसे 8 से 10 दिन बाद सैनिटाइज करने के बाद खोला जाएगा। इसके अलावा एक मामला रामपुर में आया है।
ऊना जिले में दो बैंक कर्मियों समेत 15 कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। क्षेत्रीय अस्पताल ऊना की एक महिला कर्मचारी भी कोरोना संक्रमित पाई गई है। अंब उपमंडल के लोअर अंदौरा का 52 वर्षीय व्यक्ति संक्रमित पाया गया है। यह जम्मू से लौटा है और संस्थागत क्वारंटीन में था। हरोली उपमंडल के गांव सेंसोवाल में 49 वर्षीय महिला और उसका 21 वर्षीय बेटा भी संक्रमित पाए गए हैं। यह परिवार जालंधर से लौटा है। ऊना उपमंडल के गांव बहडाला का 19 वर्षीय युवक भी पॉजिटिव पाया गया है, यह संक्रमित के संपर्क में आया था। बिलासपुर में कांग्रेस के पूर्व विधायक बंबर ठाकुर की पत्नी की कोरोना रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। बंबर ठाकुर की रिपोर्ट पहले ही पॉजिटिव आ चुकी है।
ऊना शहर के वार्ड दो का 65 वर्षीय बुजुर्ग कोरोना पॉजिटिव हुआ है, यह पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहा था और क्षेत्रीय अस्पताल में डायलसिस करवा रहा था। वहीं ऊना उपमंडल की ही पीएनबी ब्रांच रक्कड़ कालोनी का 35 वर्षीय मैनेजर संक्रमित पाया गया है। संक्रमित के संपर्क में आने के बाद इसका सैंपल लिया था। कांगड़ा में पुलिस कर्मी, दो स्वास्थ्य कर्मी, सेना के तीन जवानों समेत 18 नए कोरोना पॉजिटिव मामले आए हैं।हरोली उपमंडल के बाथू गांव का 24 वर्षीय युवक पॉजिटिव पाया गया है यह कुवैत से लौटा था और संस्थागत क्वारन्टीन में था। वहीं कांगड़ा जिला के देहरा के गांव सेहरी के 50 वर्षीय व्यक्ति की कोरोना रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है, यह हरोली के पंजावर में स्थित पीएनबी बैंक का कर्मी है।