सूबे में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की सेहत में सुधार भी गति पकड़ने लगा है। अभी तक 20 मार्च के बाद प्रदेश में उपचार के बाद 67 मरीज ठीक हो चुके हैं, जिसमें सबसे ज्यादा 18 मरीज कांगड़ा जिले के हैं। कांगड़ा में जिस एक मरीज की मौत हुई है, उसका कोरोना-19 के टेस्ट के लिए सैंपल मौत के बाद ही लिया गया था।
20 मार्च के बाद 16 मई तक जो भी व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव आया है, वह आठ से 15 दिन के उपचार के अंदर स्वस्थ हुआ है। पॉजिटिव मरीजों के ठीक होने की सूची में ऊना जिला दूसरे स्थान पर है। ऊना के 17 और चंबा के 11 कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति उपचार के बाद स्वस्थ हुए हैं। प्रदेश में चार कोरोना पॉजिटिव मरीजों की उपचार के दौरान मौत हुई है, जिसमें मंडी जिले के दो और शिमला व हमीरपुर का एक-एक मरीज शामिल है।
जिला- ठीक मरीज
बिलासपुर- 4
चंबा-11
हमीरपुर-8
कांगड़ा-18
मंडी-1
शिमला-1
सिरमौर-2
सोलन-5
ऊना-17
हाई प्रोटिन डाइट बनी सहारा
स्वास्थ्य विभाग कोरोना पॉजिटिव मरीजों के उपचार में हाई प्रोटीन डाइट सहारा बनी है। सूबे के सभी कोविड-19 केयर सेंटर में कोरोना पॉजिटिव मरीजों को चिकित्सकों के दिशा-निर्देशानुसार हाई प्रोटीन डाइट दी जा रही है। पॉजिटिव मरीजों को डाइट में रूटीन में अंडों के अलावा दूध, कद्दू का बीज, पनीर, मूंगफली, अमरूद, मसूर की दाल, काजू, बादाम, अखरोट, हरी सब्जियों में मटर, पालक, फूलगोभी, भिंडी, चुकंदर, मशरूम, बींस खाने में परोसा जा रहा है।