फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

CoronaVirus Himachal: मंत्री का अटेंडेंट और विधायक का पीएसओ भी पॉजिटिव, प्रदेश में 100 नए मरीज

Fri, 07 Aug 2020 11:19 PM IST
Krishan Singh अमर उजाला नेटवर्क, शिमला
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
हिमाचल प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमितों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को प्रदेश में 100 नए मामले आए हैं। सोलन में 36, चंबा में 13, कांगड़ा 12, सिरमौर 15, बिलासपुर चार, ऊना आठ, कुल्लू छह, मंडी एक और शिमला में पांच नए मरीज आए हैं। इसके साथ ही प्रदेश में कोरोना संक्रमितों का कुल आंकड़ा 3150 पहुंच गया है। 1156 सक्रिय मामले हैं। 1954 मरीज ठीक हो गए हैं। शुक्रवार को 89 और मरीज ठीक हो गए हैं। कोरोना से 12 की मौत हुई है और 26 मरीज राज्य के बाहर चले गए हैं। सिरमौर जिले में 15 मामले आए हैं। ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी के कोरोना पॉजिटिव होने के साइड इफेक्ट अब दिखने शुरू हो गए हैं। मंत्री का अटेंडेंट भी पॉजिटिव निकला है। वहीं, पच्छाद की विधायक रीना कश्यप का पीएसओ भी पॉजिटिव निकला है। हालांकि उनकी और परिवार के अन्य सदस्यों की रिपोर्ट निगेटिव आई है । दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल शिमला में भर्ती ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी की शुक्रवार को किडनी, शुगर समेत सभी टेस्ट रिपोर्ट सामान्य आई हैं। पॉजिटिव निकलीं उनकी दोनों बेटियों को भी यहीं भर्ती किया गया है। मंत्री सुखराम की पत्नी और तीसरी बेटी ने भी  टेस्ट करवा लिया है। ऊर्जा मंत्री की पत्नी व चालक समेत खाद्य आपूर्ति निगम उपाध्यक्ष  बलदेव तोमर की रिपोर्ट शनिवार को आएगी। इसके अलावा खेल मंत्री राकेश पठानिया, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप, नाहन के विधायक डॉ. राजीव बिंदल, सिरमौर जिला भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता की रिपोर्ट निगेटिव आ गई है। शिमला में चार नए कोरोना मामले आए हैं। सेना के तीन जवानों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके अलावा अर्की के एक व्यक्ति की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। आईजीएमसी में इसका सैंपल लिया गया था। देर रात एसएसबी का जवान भी पाॅजिटिव आया है। सीएमओ शिमला डॉ. सुरेखा चोपड़ा ने इसकी पुष्टि की है।  सोलन जिले में 32 नए मामले आए हैं। इनमें सोलन 11, परवाणू तीन, बीबीएन 18 और नालागढ़ दो से आए हैं। मंडी जिले में भी एक मामला आया है। कोटली मंडी के व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। कांगड़ा जिले में शाम को कोरोना के 12 नए मामले आए हैं। 
विज्ञापन


नए मामले परागपुर, देहरा, जवाली, फतेहपुर, पालमपुर और नगरोटा बगवां से आए हैं। एक संक्रमित का कोई यात्रा इतिहास नहीं हैं। संक्रमितों में नौ सेना के जवान शामिल हैं। सभी को कोविड केयर सेंटर डाढ़ शिफ्ट किया जा रहा है। चंबा जिले में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा रफ्तार पकड़ने लगा है। जिले में शुक्रवार को 13 नए मामले आए हैं। चंबा शहर के धड़ोग मोहल्ला में शुक्रवार को आठ नए कोरोना एक्टिव के मामले सामने आए हैं। यहां पहले एक साथ 16 मामले आए थे। इसके अलावा एनएचपीसी कॉलोनी में एक सीआईएसएफ के जवान की रिश्तेदार युवती सहित सेना का जवान कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। ये दोनों होम क्वारंटीन थे और इनका यात्रा इतिहास भी है। युवती कर्नाटक से लौटी थी तो सेना का जवान लेह से चंबा लौटा था, लेकिन चिंता धड़ोग में आए आठ कोरोना संक्रमितों ने बढ़ाई है। क्योंकि इनका कोई भी यात्रा इतिहास नहीं है। ये लोग किस प्रकार से कोरोना पॉजिटिव हुए हैं। यह पहेली बनी हुई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर राजेश गुलेरी ने बताया कि चंबा के धडोग मोहल्ला में कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आए जिन लोगों के सैंपल लिए गए थे उनमें आठ लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। इसके अलावा दो अन्य लोग जो कि बाहर से आए थे। उनकी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। विभाग आगे की कार्रवाई को अंजाम दे रहा है। बिलासपुर जिले में कोरोना के  चार और पॉजिटिव केस आए हैं। संक्रमितों को ईलाज के लिए कोविड अस्पताल चांदपुर शिफ्ट किया गया है। इनमें से तीन संक्रमित गृह संगरोध में थे तो एक पुलिस का जवान संस्थागत संगरोध में था। 

चिंतपूर्णी मंदिर में तैनात होमगार्ड की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव
ऊना जिले में शुक्रवार को चार विजिलेंस विभाग के कर्मचारियों समेत आठ नए कोरोना पॉजिटिव केस सामन आए हैं।  चिंतपूर्णी मंदिर की सुरक्षा में तैनात एक होमगार्ड जवान कोरोना संक्रमित पाया गया है। मामला सामने आने के बाद मंदिर परिसर को सैनिटाइज कर दिया गया है। कांटेक्ट हिस्ट्री स्वास्थ्य विभाग खंगाल रहा है। साथ ही शाम के समय बारीदार पुजारी के अलावा अन्य पुजारियों के जाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। कोरोना संक्रमित जवान को खड्ड स्थित कोविड केयर सेंटर शिफ्ट कर दिया है। उक्त होमगार्ड जवान ने गुरुवार को अपना कोरोना टेस्ट करवाया था जिसकी रिपोर्ट शुक्रवार शाम को आई। जानकारी के अनुसार कोरोना पॉजिटिव आया होमगार्ड बीते गुरुवार को अपने ससुराल परागपुर गया हुआ था। जहां इसे मलेरिया और जुकाम की शिकायत थी। इसके बाद इसने एहतियात के तौर पर अपना कोरोना टेस्ट करवाया था, जिसकी रिपोर्ट शुक्रवार को पॉजिटिव आई है। होमगार्ड जवान ने शुक्रवार को दोपहर दो बजे से ही ड्यूटी संभाली थी और शाम को इसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। वहीं, मंदिर अधिकारी अभिषेक भास्कर ने मंदिर में तैनात सभी होमगार्ड जवानों को आदेश दे दिए हैं कि जो भी उक्त होमगार्ड के जवान के संपर्क में आया है, वह खुद होम क्वारंटीन हो जाएं। मंदिर अधिकारी अभिषेक भास्कर ने बताया कि मंदिर में तैनात होमगार्ड जवान को तुरंत ड्यूटी से हटा दिया गया है। सभी पुजारियों को बता दिया गया है कि कोई भी अगर होमगार्ड के संपर्क में आया है तो खुद होम क्वारंटीन हो जाए। इसके अलावा कोरोना संक्रमित के संपर्क में आए छह होमगार्ड जवानों को होम क्वारंटीन भेज दिया है।
विज्ञापन




 
विज्ञापन

प्रदेश में भाजपा ने फैलाया कोरोना वायरस: राठौर

वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने हमीरपुर में कहा कि भाजपा जगह-जगह कोरोना वायरस फैला रही है। सरकार में भाजपा और कांग्रेस के लिए अलग-अलग नियम हैं। भाजपा नेता शिमला में हवन कार्यक्रम और मंत्रिमंडल विस्तार के दौरान सामाजिक दूरी के नियमों की अवहेलना करते हैं तो पुलिस उन पर कोई कार्रवाई नहीं करती। बस किराया वृद्धि का विरोध करने वाले कांग्रेसियों पर मुकदमे दर्ज किए जाते हैं।

जमातियों पर पुलिस केस दर्ज कर सकती है तो उन भाजपा नेताओं पर क्यों नहीं, जो शिमला में कोरोना फैलाने के बाद धर्मशाला पहुंच गए? इसमें उनकी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व विधायक भी शामिल हैं। कहा कि कोरोना जैसी वैश्विक आपदा को भी भाजपा नेता अवसरों में बदलकर घोटाले कर रही है। सैनिटाइजर और पीपीई किट घोटाले में जिम्मेदारी स्वास्थ्य महकमा संभालने वाले मुख्यमंत्री की बनती थी। उन्हें नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देना चाहिए। राजीव बिंदल ने भाजपा अध्यक्ष पद से हटकर इन आरोपों की पुष्टि भी कर दी है। 

कहा कि कांग्रेस शुरू से इस घोटाले की जांच प्रदेश उच्च न्यायालय के पदासीन न्यायाधीश से करवाने की मांग करती रही है। मुख्यमंत्री ने जांच को ऐसी कमेटी का गठन किया, जिसके वह खुद सदस्य हैं। ऐसी कमेटी निष्पक्ष जांच कैसे कर सकती है। कहा कि केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर समेत प्रदेश से केंद्र में चार सांसद हैं, लेकिन अभी तक केंद्र से कोई पैकेज लाने में सफल नहीं हो पाए हैं। होटल मालिकों, प्रदेश के बाहर से आने वाले हजारों युवाओं और किसानों को सरकार ने कोई राहत नहीं दी है। बस किराया बढ़ाकर जनता पर वित्तीय बोझ डाल दिया। 

पार्टी चिह्न पर हों नगर निकायों के चुनाव : राठौर
कुलदीप राठौर ने कहा कि प्रदेश में नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायतों के चुनाव पार्टी चिह्न पर होने चाहिए। कांग्रेस विधानसभा चुनावों के लिए भी पूरी तरह तैयार है। प्रदेश भाजपा में गुटबाजी चरम पर है। मंत्री पद न मिलने से कई नेता नाराज चल रहे हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें