हिमाचल प्रदेश में रविवार को छह कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई। टांडा मेडिकल कॉलेज में राजा का तालाब की 72 वर्षीय कोरोना संक्रमित बुजुर्ग महिला ने दम तोड़ दिया। मृतक महिला अस्पताल के इमरजेंसी में भर्ती थी और 19 अक्तूबर को उसकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। लेकिन शनिवार को महिला की मौत हो गई। चंबा जिले में जिले में रविवार को कोरोना से दो और मरीजों की मौत हो गई है।
इसमें पांगी का 70 वर्षीय बुजुर्ग और किहार की एक बुजुर्ग महिला शामिल है। पहले मामले में जनजातीय क्षेत्र पांगी निवासी 70 वर्षीय शामिल है, जो कि किलाड़ गांव का रहने वाला था। मेडिकल कॉलेज से टांडा के लिए रेफर की गई किहार क्षेत्र के गांव भलोगा निवासी 55 वर्षीय महिला की कोरोना से बीच रास्ते में मौत हो गई। महिला अन्य बीमारियों से भी ग्रस्त थी। सोलन में 70 वर्षीय कोरोना संक्रमित बुजुर्ग महिला की मौत हुई है।
कुल्लू में कोरोना से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। मंडी जिले में सरकाघाट क्षेत्र की 76 वर्षीय कोरोना संक्रमित बुजुर्ग महिला ने दम तोड़ दिया। वहीं प्रदेशभर में 178 पॉजिटिव मामले आए हैं। कुल्लू-शिमला 28-28, सोलन 25, ऊना 22, कांगड़ा 18, हमीरपुर 16, बिलासपुर 14, मंडी 11, लाहौल स्पीति 8, सिरमौर 5, किन्नौर 1, और चंबा में 2 मामले आए हैं। शिमला के आईजीएमसी अस्पताल के एमएस डॉ. जनक राज समेत जिले में 28 कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।