हिमाचल प्रदेश में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार को प्रदेश में 162 नए मामले आए हैं। सोलन में एक साथ 36, सिरमौर में 26, मंडी 13, कांगड़ा 39, हमीरपुर सात, शिमला दो, ऊना चार, बिलासपुर नौ, कुल्लू 19 और चंबा में सात नए पॉजिटिव केस आए हैं। दो दिन में प्रदेश में 281 लोग महामारी की चपेट में आए हैं। चंबा जिले में सात नए मामले आए हैं। नए मामले जिले के चूड़ी, किहार,चोंतड़ा और सुराडा ब्लॉक से आए हैं। इनमें से तीन पहले से पाॅजिटिव आए लोगों के संपर्क में आए थे। इसके साथ ही जिले में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 157 पहुंच गई है और 126 मरीज ठीक हो गए हैं। सिरमौर जिले के पांवटा साहिब व गिरिपार क्षेत्रों में एक साथ 26 नए कोरोना पॉजिटिव मामले आए हैं।
वहीं, खाद्य एवं आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष बलदेव तोमर के पुत्र (22 ) समेत तीन लोगों की फॉलोअप रिपोर्ट निगेटिव आई है। हालांकि, उपाध्यक्ष समेत उनकी पत्नी व बेटी की कोरोना रिपोर्ट अभी भी पॉजिटिव आई है। बीएमओ राजपुर डॉ. अजय देओल ने इसकी पुष्टि की है। मंडी जिले में भी 13 नए मामले आए हैं। कुल्लू जिले में भी एक साथ 19 नए मामले आए हैं। इससे हड़कंप मच गया है। सभी संक्रमित कृषि-बागवानी से संबंधित कार्यों के लिए कुल्लू पहुंचे श्रमिक हैं। इन्हें क्वारंटीन किया गया था। रविवार को जिला कांगड़ा में पहली बार कोरोना के कुल 39 मामले सामने आए हैं। देर रात नूरपुर के पंजाहड़ा गांव में कोरोना के एक साथ 29 मामले आए हैं। वहीं, चार लोग नूरपुर के मठोली, पक्का टियाला व ठोरा गांव और ज्वाली के बाड़ा गांव का एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया है।
एक साथ 34 मामले आने से सामुदायिक संक्रमण फैलने का खतरा है। एक साथ इतने मामले आने से जिला प्रशासन व स्वस्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। सोलन जिले में भी 36 नए मामले आए हैं। इनमें अधिकतर संक्रमित बीबीएन क्षेत्र से हैं और नौ पुलिस कर्मी भी पॉजिटिव पाए गए हैं। बिलासपुर में भी घुमारवीं और झंडूता से नौ नए मामले आए हैं। हमीरपुर जिले से सात और ऊना से चार नए मामले आए हैं। प्रदेश में संक्रमितों का कुल आंकड़ा 4156 पहुंच गया है। 1377 सक्रिय मामले हैं। 2720 मरीज ठीक हो गए हैं। रविवार को 88 और मरीज ठीक हो गए हैं। कोरोना से 18 की मौत हो चुकी है। 40 मरीज राज्य के बाहर चले गए हैं।