हिमाचल प्रदेश में पांच कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई है। कांगड़ा जिले के डाडासीबा के कनोल गांव की 75 वर्षीय कोरोना संक्रमित बुजुर्ग महिला ने घर में ही दम तोड़ दिया। महिला का बड़ा बेटा भी संक्रमित हो गया है, जिसे होम क्वारंटीन किया गया है। जानकारी के मुताबिक बुजुर्ग महिला का कांगड़ा के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था। वहीं, तीन अक्तूबर को महिला की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। महिला को धर्मशाला अस्पताल शिफ्ट किया जाना था, लेकिन परिजनों ने उसे अस्पताल में रखने के लिए मना कर दिया और मरीज को घर ले गए। मंगलवार को महिला की मौत हो गई। जिला स्वास्थ्य अधिकारी विक्रम कटोच ने मामले की पुष्टि की है।
कांगड़ा के गाहलियां गांव के 55 वर्षीय व्यक्ति ने भी कोरोना के कारण टांडा अस्पताल में दम तोड़ दिया। गाहलियां के व्यक्ति को 27 सितंबर को टांडा अस्पताल में भर्ती किया गया था। मंगलवार सुबह व्यक्ति ने टांडा अस्पताल में कोरोना से दम तोड़ दिया। वहीं, आईजीएमसी शिमला में दो कोरोना संक्रमितों ने दम तोड़ दिया। रोहड़ू के संक्रमित 72 वर्षीय बुजुर्ग मरीज को मंगलवार सुबह डीडीयू अस्पताल से आईजीएमसी के लिए रेफर किया गया था, लेकिन यहां आइसोलेशन वार्ड में इसकी मौत हो गई। जबकि नाभा की 46 वर्षीय संक्रमित महिला की भी आईजीएमसी में मौत हो गई। मृतक महिला का कोविड-19 नियमों के तहत दाह संस्कार कर दिया गया है। आईजीएमसी के कॉलेज प्राचार्य डॉ. रजनीश पठानिया ने बताया कि अस्पताल में दो कोरोना पॉजिटिव मरीजों की मौत हुई है। वहीं, मंडी के नगवाई के कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति की कुल्लू अस्पताल में मौत हुई है।
उधर, प्रदेश में मंगलवार को कोरोना वायरस के 174 मामले आए हैं। कांगड़ा में 18, शिमला 42, सिरमौर 27, बिलासपुर 12, ऊना 17, चंबा चार, कुल्लू 13, लाहौल-स्पीति एक, मंडी 17, सोलन 17, हमीरपुर दो और किन्नौर में चार नए मामले आए हैं। इसके साथ ही प्रदेश में संक्रमितों का कुल आंकड़ा 16283 पहुंच गया है। 3136 सक्रिय मामले हैं। अब तक 12898 मरीज ठीक हो चुके हैं। मंगलवार को 265 मरीज ठीक हुए। प्रदेश में 224 कोरोना संक्रमितों की मौत हो चुकी है। वहीं, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के प्रधान निजी सचिव आरएन बत्ता के कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मंगलवार को उनकी रिपोर्ट आने के बाद सचिवालय में हड़कंप मच गया है। पीएम मोदी दौरे के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के साथ प्रधान निजी सचिव आरएन बत्ता, मुख्य सचिव व राज्य सरकार के दो से तीन अफसर इनके साथ हेलीकॉप्टर में लौटे थे।
शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज के दूसरे बेटे की कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट निगेटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग ने मंत्री के बेटे के पॉजिटिव आने के बाद दूसरे का सैंपल लिया था। लेकिन रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद अब परिवार के सदस्यों ने राहत की सांस ली है। उधर, दूसरी ओर स्वास्थ्य विभाग ने मंत्री के सैंपल लेने की बात नकार दी है। स्वास्थ्य विभाग का तर्क है कि मंत्री पॉजिटिव के संपर्क में नहीं थे। लिहाजा सैंपल लेने की कोई जरूरत नहीं थी। शिमला जिले में मेहली, संजौली, कुफ्टाधार, कलेस्टन, छोटा शिमला, नाभा, टूटु, घोड़ा चौकी, ढली, राम बाजार, कैथू, फागली, हाईकोर्ट के नजदीक, विकासनगर, कनलोग, मतियाना, चिड़गांव, मशोबरा, जुब्बल-कोटखाई, सब्जी मंडी, रोहड़ू, रामपुर, सुन्नी से 42 मामले आए हैं। ऊना जिले में दो दंपत्तियों समेत 17 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज आए हैं। अध्यापक के कोरोना संक्रमित आने पर सलोह स्कूल को दो दिन के लिए बंद कर दिया गया है।