हिमाचल में कोरोना पॉजिटिव के कई मामले सामने आने के बाद अब प्रदेश में कीटाणुनाशक छिड़काव सुरंग लगाने की कवायद शुरू हो गई है। इसकी शुरुआत नालागढ़ अस्पताल से हुई है, जहां ग्रामीण विकास विभाग एवं पंचायती राज विभाग द्वारा पहली टनल स्थापित कर दी गई है। यहां इसका ट्रायल भी किया गया है। टनल में प्रवेश करते ही व्यक्ति पांच सेकंड में बिना गीले हुए खुद ही सैनिटाइज हो जाएगा।
ग्रामीण विकास विभाग के निदेशक ललित जैन की अगुवाई में यह टनल स्थापित हुई है। इस दौरान एसडीएम नालागढ़ प्रशांत देष्टा, तहसीलदार नालागढ़ ऋषभ शर्मा, बीएमओ डॉ. केडी जस्सल, बीडीओ राजकुमार आदि मौजूद रहे। नालागढ़ अस्पताल में अब प्रवेश करने वाले लोग सैनिटाइज होकर ही प्रवेश करेंगे। इस कीटाणुनाशक छिड़काव सुरंग को नालागढ़ अस्पताल में स्थापित करके ट्रायल के तौर पर शुरू कर दिया है। यदि प्रयोग सफल होता है तो अन्य जगहों पर भी इनका संचालन किया जाएगा।