वहीं, प्रदेश सरकार ने हिमाचल में साधारण बीमारी से ग्रसित मरीजों को अस्पताल में उपचार कराने के लिए न आने की बात कही है। इन्हें 14 दिन तक अपने घरों में ही रहने को कहा गया है। गंभीर रोगियों को ही उपचार के लिए अस्पताल आने को कहा है। साधारण बीमारी में सर्दी, खांसी जुकाम आदि शामिल है। प्रदेश सरकार ने अस्पतालों में भीड़ में एकत्र न होने के निर्देश दिए है। अस्पतालों में सैनेटाइजर की व्यवस्था करने को कहा गया है।
इसके अलावा शौचालय में सफाई की व्यवस्था को दुरुस्त करने के साथ साथ साबुन और पानी की नियमित सप्लाई होने के निर्देश दिए हैं। लोगों को 15 से 20 मिनट बाद हाथ साफ करने को कहा गया है। इसके अलावा सैनेटाइजर का नियमित इस्तेमाल करने की सलाह दी है। सरकार ने लोगों से अपील की है कि वह अपने हाथ गर्दन से ऊपर ले जाने से परहेज करे। अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य आरडी धीमान ने कहा कि बीमारियों से बचने के लिए सावधानी बरतने की जरूरत है। एहतियात बरतने से ही बीमारी आसपास नहीं भटकेगी।
सैनेटाइजर और मास्क की कालाबाजारी की आशंका के चलते सरकार ने हिमाचल में ताबड़तोड़ छापे मारे हैं। बुधवार और गुरुवार को दिन में अफसरों ने कारोबारियों से स्टोर और दवा दुकानों में छापे मारे। इसमें अफसरों ने दुकानदारों को रेट लिस्ट और निर्धारित रेट पर मास्क और सैनेटाइजर बेचने के निर्देश दिए। सैनेटाइजर में मिलावट की आशंका के चलते सैंपल भी जुटाए गए हैं।
छापा मारने के लिए सरकार ने स्वास्थ्य, पुलिस और खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम बनाई है। यह टीम जगह जगह दुकानों में छापे मार रही है। बुधवार को टीम ने 175 छापे मारे, जबकि गुरुवार को भी करीब 200 छापे मारे गए। अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य आरडी धीमान ने टीम को निर्देश दिए हैं कि वह ऐसे कारोबारियों पर नजर रखे जो कालाबाजारी कर रहे हों। ऐसे लोगों के खिलाफ मौके पर ही कार्रवाई की जाए। सरकार ने कालाबाजारी करने वाले कारोबारियों के खिलाफ जेल तक का प्रावधान किया है।
कुल्लू में रहने वाले फिरासत उल्ला खां की बेटी की शादी रविवार को होनी थी, लेकिन उन्होंने एहतियातन शादी की धाम रद्द कर दी है। इसी तरह सुंदरनगर के पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष ने अपनी बेटी की शादी की रिसेप्शन रद्द कर दी है।
मंत्रियों और अफसरों के कमरों में भीड़ पर रोक
मंत्रियों और अफसरों के कमरों में भीड़ पर रोक लगा दी गई है। प्रतिनिधिमंडल को मिलने के बजाय ऑनलाइन मांगपत्र या फिर एक व्यक्ति आकर मांगपत्र मंत्रियों और अफसरों को सौंप सकता है। बीमारी के प्रति एहतियात बरतने के लिए यह सब किया जा रहा है। सचिवालय सामान्य प्रशासन की ओर से सचिवालय में अफसरों और मंत्रियों को मास्क दिए गए। पार्टी के नेताओं को भी क्षेत्रों में भीड़ में रहने से परहेज करने की बात कही है।
कोरोना के दो संदिग्ध गुरुवार को धर्मशाला अस्पताल में जबकि एक चंबा में और एक कालाअंब का मजदूर हरियाणा में भर्ती कराए गए हैं। कांगड़ा के रहने वाले दोनों संदिग्धों में से एक दुबई और दूसरा सिंगापुर से आया है। अंबाला से फरार कोरोना संदिग्ध युवक के कसौली में छिपे होने की आशंका जताई जा रही है। उक्त युवक और उसका साथी कुवैत से आए थे। पुलिस उनको तलाश रही है।
अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य आरडी धीमान ने बताया कि अब तक 10 संदिग्ध लोगों के सैंपल लिए गए। इन सबकी रिपोर्ट नेगेटिव आई है। हिमाचल में 746 लोग कोरोना प्रभावित देशों से लौटे हैं। इनमें से 279 ने 28 दिन का निगरानी समय पूरा कर लिया है। 370 को गृह एकांतवास में रखा गया है। 89 प्रदेश लौट गए हैं।