हिमाचल में सरकारी स्कूलों को खोलने को लेकर आज फैसला हो सकता है। केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक सभी प्रदेश के शिक्षा मंत्रियों और सचिवों के साथ मंगलवार को वीडियो कांफ्रेंस करेंगे। इस दौरान हिमाचल सरकार उन्हें अपने प्रस्ताव से अवगत करवाएगी। केंद्र ने हिमाचल के प्रस्ताव को हरी झंडी दी तो तीन मई के बाद स्कूल खुल सकते हैं।
हालांकि, स्कूल खुलने का फैसला पब्लिक ट्रांसपोर्ट पर निर्भर करेगा। केंद्र सरकार ने अगर पब्लिक ट्रांसपोर्ट को शुरू नहीं किया तो स्कूल खोलना भी आसान नहीं रहेगा। हिमाचल सरकार के स्कूल खोलने के प्रस्ताव के तहत प्रार्थना सभाओं पर पूरी तरह से रोक रहेगी। वहीं, निजी स्कूलों को कब खोला जाना है, इसको लेकर अभी संशय है।
विभागीय अधिकारियों का तर्क है कि निजी स्कूलों को लेकर फैसला लॉकडाउन खुलने के बाद हालात सामान्य होने के बाद लिया जाना चाहिए। निजी स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या अधिक होने के चलते इन स्कूलों को अभी खोलने का जोखिम नहीं लेना चाहिए। दूसरा मत यह भी है कि निजी स्कूलों की बड़ी कक्षाओं नवीं से 12वीं को कुछ एहतियात बरतते हुए खोला जा सकता है।
केंद्रीय मंत्री के साथ वीडियो कांफ्रेंस के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से चर्चा की जाएगी। उसके बाद ही स्कूल खोलने को लेकर फैसला लिया जाएगा।
- सुरेश भारद्वाज, शिक्षा मंत्री