हिमाचल प्रदेश में कोरोना के रिकवरी रेट में कमी आई है। बीते फरवरी माह में जहां रिकवरी रेट 98 फीसदी के आसपास चल रहा था, वहीं अब घटकर 94 फीसदी हो गया है। कोरोना से डेथ रेट भी 1.4 से बढ़कर 1.6 फीसदी हो गया है। हमीरपुर जिले में एक्टिव मरीजों की संख्या पहले शून्य हो गई थी, आज यहां पर 237 कोरोना एक्टिव मरीज हो गए हैं।
बिलासपुर, कांगड़ा, ऊना, सोलन, सिरमौर, शिमला में पहले से एक्टिव मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। जिला लाहौल-स्पीति काफी समय से शून्य एक्टिव मरीजों के साथ चल रहा था, आज वहां पर भी एक एक्टिव मरीज है। मंडी, कुल्लू, किन्नौर में फि लहाल कुछ राहत मिल रही है, यहां पर एक्टिव मरीज 100 से कम है।
मामले बढ़ते हैं तो लाहौल-स्पीति में पर्यटकों के किए जाएंगे रैपिड टेस्ट
जनजातीय विकास एवं तकनीकी मंत्री डॉ. रामलाल मार्कंडेय ने कहा कि लाहौल-स्पीति में अभी स्थिति कंट्रोल में हैं। अगर हिमाचल प्रदेश में संक्रमण के मामले ज्यादा बढ़ते हैं तो सिस्सू के पास ही लाहौल जाने वाले सैलानियों के रैपिड एंटीजन टेस्ट करवाए जाएंगे।