उत्तर भारत के प्रसिद्ध सिद्ध पीठ बाबा बालकनाथ दियोटसिद्ध मंदिर में एक माह तक चलने वाले चैत्र मेले 14 मार्च से शुरू हो रहे हैं। मेले के दौरान कोरोनावायरस को लेकर विशेष प्रबंधों को लेकर बुधवार को उपायुक्त हरिकेश मीणा की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। उपायुक्त ने कहा कि मेले के दौरान विदेशी श्रद्धालुओं पर विशेष नजर रखी जाएगी। उनकी पूरी जानकारी नाम, मोबाइल नंबर तथा कहां से आ रहे हैं, हवाई अड्डे पर उतरने के बाद कोरोना वायरस को लेकर हुई जांच से संबंधित स्वयं घोषित सर्टिफिकेट प्राप्त करने के बाद ही मंदिर में भेजा जाएगा।
स्वच्छता को लेकर विशेष प्रबंध किए जाएंगे। जगह-जगह पर हाथ धोने के लिए तरल आधारित साबुन का प्रबंध किया जाएगा। रेलिंग को साफ करने के लिए पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मियों को तैनात किया जाएगा। शाहतलाई के पास तथा चकमोह कॉलेज के पास पंजीकरण काउंटर स्थापित किए जाएंगे जो 24 घंटे कार्यरत रहेंगे। समूहों में आने वाले श्रद्धालुओं पर विशेष नजर रखी जाएगी तथा उनसे पूर्ण जानकारी लेने के बाद आगे भेजा जाएगा।
ऑडियो-वीडियो स्क्रीन के माध्यम से कोरोना को लेकर निरंतर लोगों को जानकारी प्रदान की जाएगी। दो महीने पहले विदेशों से आए हुए लोगों के यात्रा वृत्तांत की पूर्ण जानकारी ली जाए। उपायुक्त बिलासपुर के साथ 13 मार्च को बैठक कर मेले के दौरान सहयोग व कोरोना वायरस को लेकर महत्वपूर्ण पहलुओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा। गाड़ी में आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छता को लेकर पंफ्लेट बांटे जाएंगे।
बैरियरों पर कोरोना वायरस को लेकर आडियो-वीडियो स्क्रीनें स्थापित की जाएंगी। ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी मास्क का प्रयोग करें तथा निरंतर लोगों को कोरोना वायरस के बारे में जानकारी प्रदान करें। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक अर्जित सेन ठाकुर, अतिरिक्त उपायुक्त रतन गौतम, एसडीएम बड़सर प्रदीप कुमार, मेला अधिकारी ओपी लखनपाल, सीएमओ डॉ. अर्चना सोनी तथा बीएमओ बड़सर के अतिरिक्त अन्य विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।