आईपीएच विभाग बड़सर में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। एक ठेकेदार पेमेंट और कार्य को लेकर अपना आपा खो बैठा तथा एसडीओ की गाड़ी की आगे लेट गया। ठेकेदार की इस हरकत से सभी सकते में आ गए।
यह हंगामा बुधवार शाम करीब 15 मिनट चलता रहा। आखिर लोगों ने बड़ी मुश्किल से ठेकेदार को समझा-बुझाकर गाड़ी के आगे से हटाया। बुधवार शाम करीब पौने पांच बजे आईपीएच मंडल कार्यालय से एसडीओ बाहर निकले, तभी एक ठेकेदार एसडीओ से पेमेंट तथा कार्य नहीं मिलने से पेश आ रही परेशानी की बात करने लगा।
ठेकेदार उसके कार्य को किसी दूसरे ठेकेदार को देने तथा लंबिंत पेमेंट होने की बात कर रहा था। इसी बीच एसडीओ के गाड़ी में बैठ गए। इससे ठेकेदार ने आपा खो दिया तथा गाड़ी के आगे लेट गया। ठेकेदार पेमेंट तथा कार्य का आश्वासन देने की शर्त पर आगे से हटने की बात कर रहा था।
बाहर हंगामा सुनकर डिवीजन के कर्मचारी व कई ठेकेदार बाहर पहुंच गए। आखिर उन्होंने ठेकेदार को समझा-बुझाकर गाड़ी के आगे से हटाया। ठेकेदार की इस हरकत में क्षेत्र में तरह तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है। हैरत की बात है कि डिवीजन कार्यालय के बाहर यह घटना हुई, आला अधिकारियों को इसकी जानकारी तक नहीं है।
आईपीएच बड़सर एसडीओ एचआर शर्मा ने बताया कि ठेकेदार वेल्डिंग आदि का कार्य करता है तथा कार्य की डिमांड कर रहा था। वहां मौजूद अन्य लोगों ने उसे समझा बुझाकर हटा दिया।