पुलिस आरक्षी भर्ती पेपर लीक मामले में पूछताछ के दौरान हमीरपुर का एक निजी होटल भी जांच के दायरे में आया है। पुलिस ने होटल प्रबंधक से लिखित परीक्षा से कुछ दिन पहले होटल में ठहरे लोगों की जानकारी जुटाई है। सूत्रों के मुताबिक कुछ अभ्यर्थी परीक्षा से पूर्व की रात इस होटल में ठहरे थे। बताया जा रहा है कि बाहरी राज्य में पंजीकृत एक कार में कुछ लोग होटल परिसर तक आए थे। ये लोग पर्यटक थे या कोई और यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। कार सवार लोगों ने होटल में ठहरे दो अभ्यर्थियों से लंबी बातचीत की थी।
शक की सुई इसलिए भी घूम रही है, क्योंकि दोनों युवक हमीरपुर के रहने वाले हैं। स्थानीय होने के बावजूद होटल में ठहरने का मतलब स्पष्ट नहीं हो रहा। क्या होटल के कमरे में इनकी पेपर को लेकर कोई डील हुई है या नहीं, यह भी जांच का विषय रहेगा। सोमवार को पूछताछ के बाद सभी अभ्यर्थियों को वापस भेज दिया गया है। मंगलवार को अन्य अभ्यर्थियों को पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा। पुलिस अधीक्षक डॉ. आकृति शर्मा ने कहा कि पुलिस अभ्यर्थियों से पूछताछ कर रही है। कुछ अभ्यर्थी मंगलवार को भी बुलाए गए हैं। हालांकि, उन्होंने होटल प्रकरण पर कुछ नहीं बताया।