मुख्यमंत्री नहीं जाएंगे जैसलमेर, मंत्री धर्माणी को भेजा
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू शुक्रवार को जैसलमेर नहीं जाएंगे। मुख्यमंत्री ने राज्यों के वित्त मंत्रियों और जीएसटी काउंसिल की बैठक में शामिल होने के लिए तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी को अधिकृत किया है। धर्माणी वीरवार दोपहर को धर्मशाला से रवाना हुए। 20 दिसंबर को वित्त मंत्रियों और 21 दिसंबर को जीएसटी काउंसिल की बैठक होनी है। वीरवार को विधानसभा सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले कांग्रेस विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री ने धर्माणी को उनकी जगह बैठकों में शामिल होने के लिए जाने को कहा। विधायक दल की बैठक में भाजपा सदस्यों की ओर से लाए गए स्थगन प्रस्ताव को लेकर चर्चा हुई। दो दिन तक सदन में कार्यवाही न चलने पर कई कांग्रेस विधायकों ने रोष जताया। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस विधायकों को टाइम मैनेजमेंट करने की सलाह देते हुए अपने मामले उठाने का आग्रह किया। बैठक में आगामी दो दिनाें की कार्यवाही को लेकर भी रणनीति बनाई गई।
मुकेश-सुधीर ने सदन में कहानियां सुनाकर किए कटाक्ष
सदन में चर्चा के दौरान उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और विधायक सुधीर शर्मा ने कहानियां सुनाकर कटाक्ष किए। पहले सुधीर शर्मा ने चर्चा के दौरान एक कहानी सुनाकर सरकार पर सवाल उठाए। इसके बाद मुकेश अग्निहोत्री ने कहानी सुनाते हुए कहा कि विपक्ष सिर्फ आरोप लगाने के लिए आरोप लगा रहा है। सदन में उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि जब मैं नेता विपक्ष की कुर्सी पर बैठता तो जयराम ठाकुर कहते थे कि क्या इस कुर्सी पर स्प्रिंग लगे हैं। अब हर बात पर जयराम ठाकुर हाथ उठाते रहते हैं, अब इन्हें पता लगा होगा कि इस सीट पर क्या स्प्रिंग लगा है। इसको लेकर सदन में खूब ठहाके लगे।