फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

'भाजपा के अच्छे दिन खत्म, टूटा नेताओं का अहंकार'

विज्ञापन
विज्ञापन
बिहार चुनाव में भाजपा को मिली करारी हार का असर हिमाचल में भी देखने को मिला। यहां कांग्रेस समेत दूसरे दलों ने भाजपा पर करारा हमला किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि इन चुनाव परिणामों पर पूरे देश की नजर थी। उन्होंने बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन की बड़ी एवं ऐतिहासिक जीत पर खुशी जताई और बिहार की जनता को बधाई दी।
विज्ञापन


कहा कि यह सिर्फ महागठबंधन की ही नहीं, बल्कि देश में लोकतंत्र की जीत है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता नरेश चौहान ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन की जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की करारी हार है। बिहार के मतदाताओं ने इस जोड़ी और भाजपा नेताओं के अहंकार को चकनाचूर कर दिया है।

बिहार में भाजपा की हार पहले से ही तय थी, क्योंकि केंद्र सरकार अपने 18 महीने के कार्यकाल में हर मोर्चे पर विफल हुई है। भाजपा के अच्छे दिन खत्म हो गए हैं। कहा कि नरेंद्र मोदी ने लोकसभा चुनाव के समय लोगों से बडे़-बडे़ वादे किए कि देश में अच्छे दिन आने वाले हैं। इन 18 महीनों में ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से किए गए इन वायदों की सच्चाई जनता के सामने आ चुकी है।
विज्ञापन

भाजपा का कोई भी प्रोपेगेंडा नहीं चला: वीरभद्र

मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने नीतीश कुमार को बिहार विधानसभा के आम चुनाव में जीतने पर बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह धर्मनिरपेक्ष दलों की जीत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में भाजपा का कोई भी प्रोपेगेंडा नहीं चला। बधाई संदेश में सीएम वीरभद्र सिंह ने कहा कि यह बिहार के लोगों की जीत है, जिन्होंने सांप्रदायिक ताकतों को बाहर का रास्ता दिखाया।

भाजपा-कांग्रेस के लिए खतरे की घंटी : हिलोपा
हिमाचल लोकहित पार्टी अध्यक्ष महेश्वर सिंह और अन्य हिलोपा नेता श्यामा शर्मा, युवा सेना अध्यक्ष गौरव शर्मा, देशबंधु सूद, हरीश गुलेरिया और मानव शर्मा ने कहा कि बिहार में गठबंधन की ऐतिहासिक जीत भाजपा और कांग्रेस पार्टी के लिए खतरे की घंटी है। इन नेताओं ने इस जीत को हिमाचल की राजनीति में बदलाव होने की बात कही है।

महेश्वर सिंह ने कहा कि जिस तरह देश में महंगाई, जातिवाद, आरक्षण की दुर्गति मोदी और अमित शाह ने अपने इस 16 महीने के कार्यकाल में की है। बिहार की जनता ने उन्हें यह तोहफा देकर करारा जवाब दिया है।

बिहार के लोगों ने दिखाया भाजपा को आइना

वहीं, प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने बिहार चुनाव में भाजपा गठबंधन को मिली करारी हार पर कहा कि यह लोगों के स्वाभिमान की जीत बताया है। उन्होंने कहा कि देश में बढ़ती असहिष्णुता और महंगाई से ग्रस्त लोगों ने भाजपा को आइना दिखा दिया है।

बिहार चुनाव परिणामों को लेकर प्रदेश भाजपा नेता भी उत्साहित थे, मगर अब परिणामों के बाद उन्हें इसका कड़ा संदेश गया है कि झूठ की राजनीति का अंत जल्द और ऐसे ही होता है। देश में भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। भाजपा ने जिस प्रकार देश की राजनीति शुरू की है, उससे उसे मुंह की खानी पड़ी है। भाजपा की तानाशाही का देश में जल्द ही अंत हो जाएगा।

बिहार चुनाव परिणाम ने देश में भाजपा की राजनीति की दशा और दिशा तय कर दी है। मात्र एक वर्ष में ही पहले दिल्ली और अब बिहार में भाजपा को मुंह की खानी पड़ी है। आने वाले समय में पंचायती राज चुनाव में भी इसका असर नजर आएगा। विक्रमादित्य ने कहा कि 16 नवंबर को युकां राज्य स्तरीय रैली करवाएगी। हर जिले में रैलियां होंगी।
विज्ञापन

भाजपा नेता हाईकमान को देंगे रिपोर्ट

उधर, प्रदेश भाजपा ने बिहार चुनाव परिणामों में बिहार की जनता का जनादेश नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल और पार्टी प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि जनता समय-समय पर जनार्दन के रूप में अपना फतवा जारी करती है। पार्टी के वरिष्ठ नेता ने कहा कि बिहार चुनाव परिणाम पार्टी की अपेक्षा के अनुरूप नहीं आए, लेकिन पार्टी इससे निराश नहीं है।

पार्टी ग्राउंड पर अपनी कमियों का आंकलन करेगी तथा कमियों को दूर करने का प्रयास करेगी। धूमल और सत्ती ने कहा कि बिहार चुनावों के परिणामों के बाद पार्टी हाईकमान इन परिणामों की समीक्षा करेगा और चुनाव परिणाम अनुरूप ने आने का विस्तृत आंकलन करेगा। कहा कि जो कमियां सामने आएंगी, उन्हें दूर किया जाएगा।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें