हिमाचल कांग्रेस कमेटी मीडिया विभाग के चेयरमैन नरेश चौहान ने जयराम सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सरकार चार महीने के कार्यकाल में ही विफल रही है। इससे साबित हो रहा है कि सीएम जयराम ठाकुर सौ दिन के लिए तय एजेंडा तक पूरा नहीं कर पाए। चूंकि उन्हें अफसरों से काम लेना ही नहीं आया।
हताश व निराश सीएम व सरकार ने आखिरकार अपनी विफलता का ठीकरा अफसरशाही पर ही फोड़ दिया। बीते दिनों इतने बड़े स्तर पर टॉप अफसरशाही में फेरबदल हुआ, जितना सोचा भी नहीं जा सकता। सीएम को अपनी प्रधान सचिव मनीषा नंदा तक को बदलना पड़ गया।
साफ है कि सरकार के भीतर सब ठीक नहीं चल रहा। सरकार के इस कदम ने कांग्रेस के आरोप भी पुख्ता कर दिए। चौहान ने कहा कि सीएम व मंत्री जश्न में डूबे रहे और कानून व्यवस्था का दिवाला निकल गया। बदला और बदली की नीति ही हावी रही।
रेप, यौन उत्पीड़न और छेड़छाड़ के साथ ही हत्या की घटनाओं ने सरकार की लचर कार्यप्रणाली की पोल पूरी तरह खोल डाली है। सीएम जयराम ठाकुर को पीएम नरेंद्र मोदी को हिमाचल से किए वादे भी याद कराने चाहिए, साथ ही विशेष आर्थिक पैकेज भी लाएं।