प्रदेश कांग्रेस महासचिव और मुख्य प्रवक्ता नरेश चौहान ने कहा कि मोदी सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। देश में सवर्ण आरक्षण का फैसला राजनीति स्टंट है। सरकार राजनीतिक विरोधियों के उत्पीड़न को केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है।
जयराम सरकार का एक साल का कार्यकाल पूरी तरह विफल रहा है। मोदी सरकार ने पांच साल पहले जो वादे किए थे, वे आज दिन तक पूरे नहीं हुए। वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने काले धन को वापस लाने, दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने, अच्छे दिन लाने और भ्रष्टाचार का खात्मा करने जैसे वायदे किए थे।
मगर ये सभी वायदे कोरे साबित हुए हैं। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव से ठीक पहले सियासी फायदा लेने के लिए आर्थिक रूप से पिछड़े सवर्ण जातियों के लिए मोदी सरकार ने दस फीसदी आरक्षण का झुनझुना थमाया है।
देश की जनता को भ्रमित किया जा रहा है। इधर, हिमाचल के मुख्यमंत्री केवल मात्र घोषणाएं कर सुर्खियों में हैं। जनमंच कार्यक्रमों में अधिकारियों को डांटा जा रहा है और सरकारी धन बहाया जा रहा है।
पार्टी तीन चरणों में पथ यात्रा शुरू करेगी
मुख्य प्रवक्ता नरेश चौहान ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस जमीनी स्तर पर तैयारियां कर रही हैं। जिलों और चारों संसदीय क्षेत्राें के अधिवेशनोें की कामयाबी के बाद अब बूथ स्तर पर पार्टी तीन चरणों में पथ यात्रा शुरू करेगी। पहले चरण की पथ यात्रा की शुरूआत 16 जनवरी से होगी, जो 24 जनवरी तक चलेगी।