प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। विधानसभा चुनाव करीब आते ही मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर हर रोज करोड़ों की घोषणाएं कर रहे हैं। कहा कि एक तरफ सरकार अपने दैनिक खर्चे चलाने के लिए ऋण ले रही है, दूसरी ओर मुख्यमंत्री बिना बजट के घोषणाएं कर रहे हैं। प्रदेश 70 हजार करोड़ के कर्ज में डूबा हुआ है। मुख्यमंत्री सरकारी तंत्र और धन का दुरुपयोग कर चुनावी रैलियों में मस्त हैं।
प्रदेशाध्यक्ष ने जारी बयान में हैरानी जताई कि मुख्यमंत्री आए दिन मंत्रिमंडल की बैठकों में बिना बजट प्रावधान बड़े-बड़े फैसले ले रहे हैं। प्रदेश पर कर्ज का बोझ बढ़ता जा रहा है। बढ़ते कर्ज में राहत के लिए एक भी पैसे की मदद नहीं मिल रही है। उन्होंने शंका जताई है कि उन्हें लगता है कि मुख्यमंत्री यह सब घोषणाएं एक रुपये के टोकन मनी में कर रहे हैं। मुख्यमंत्री प्रदेश के लोगों को गुमराह नहीं कर सकते।