प्रदेश कांग्रेस महासचिव नरेश चौहान ने कहा कि केंद्र सरकार झूठा प्रचार करने में माहिर है। भाजपा लोगों को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है, जिससे वोटरों को लुभाया जा सके। कहा कि देश के युवाओं, बेरोजगारों और किसानों की पांच साल तक उपेक्षा की जाती रही है।
मोदी सरकार के सत्ता पर रहते हुए सबसे ज्यादा किसान आंदोलन हुए हैं। आने वाले चुनाव में भाजपा का ग्राफ आधे से नीचे जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली बौखला गए हैं।
चौहान ने बुधवार को राजीव भवन शिमला में प्रेस सम्मेलन में कहा कि कांग्रेस गरीब परिवारों को 72 हजार सालाना धन राशि उनके बैंक खातों में सीधे जमा करेगी। इससे 25 करोड़ लोगों को सीधे लाभ मिलेगा।
महिलाओं के खाते में यह राशि सीधे जाएगी। कांग्रेस इस योजना से गरीबों को कम से कम 12 हजार रुपये प्रति माह आय सुनिश्चित करेगी। मोदी सरकार ने कहा था कि हर साल दो करोड़ लोगों को रोजगार दिया जाएगा, लेकिन यह वादा भी पूरा नहीं हुआ।
चौहान ने कहा कि देश में कितनी स्मार्ट सिटी बनी हैं, यह भी लोगों को बताया जाए। स्वामीनाथन रिपोर्ट लागू नहीं की गई। कांग्रेस ने 14 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर लाया था और मोदी सरकार के रहते ये दोबारा गरीबी रेखा के नीचे आ गए हैं। मनरेगा से गरीबों को राहत मिली थी और प्रधानमंत्री ने इस योजना को लेकर मजाक उड़ाया।