गैस सिलिंडर मिलने से कारोबारियों को मिलेगी राहत अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी समेत जिला शिमला के हजारों व्यावसायिक उपभोक्ताओं को भी अब गैस सिलिंडर की आपूर्ति मिलने से हल्की राहत मिलने लगेगी। प्रदेश सरकार के निर्देश पर जिला शिमला में भी व्यावसायिक गैस सिलिंडरों की 50 फीसदी तक आपूर्ति की जा रही है।
अभी तक कुल मांग की 20 फीसदी सप्लाई ही दी जा रही थी। अब केंद्र से व्यावसायिक सिलिंडरों की आपूर्ति बढ़ने के बाद यह आपूर्ति 50 फीसदी तक बढ़ाई जा रही है। हालांकि सभी व्यावसायिक उपभोक्ताओं को अभी भी गैस सिलिंडर नहीं मिलेंगे। इन्हें देरी से सिलिंडरों की आपूर्ति मिलेगी। सबसे पहले पिछली बुकिंग के अनुसार गैस सिलिंडरों की आपूर्ति दी जा रही है। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के जिला नियंत्रक नरेंद्र धीमान ने कहा कि जिला शिमला में घरेलू गैस सिलिंडरों का कोई संकट नहीं है। इन उपभोक्ताओं को पहले की तरह बुकिंग के तुरंत बाद सिलिंडरों की आपूर्ति दी जा रही है। राष्ट्रीय स्तर पर चल रहे हालात के कारण एलपीजी आपूर्ति पर कुछ प्रभाव पड़ा है लेकिन जिला में घरेलू गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति को भी सुचारू किया है और अब व्यावसायिक सिलिंडरों की आपूर्ति 50 फीसदी तक शुरू कर दी है।
विज्ञापन
पर्यटन सीजन शुरू होने से पहले पर्यटन कारोबारियों को व्यावसायिक सिलिंडरों की आपूर्ति बढ़ने से जल्द राहत मिलने लगेगी। जिले के होटल, रेस्तरां एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को व्यावसायिक सिलिंडर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।
वैकल्पिक साधनों का भी करें उपयोग
नियंत्रक ने उपभोक्ताओं से अनुरोध किया कि वह घरेलू सिलिंडरों का उपयोग व्यावसायिक कार्यों के लिए न करें। ईंधन के वैकल्पिक साधनों का भी उपयोग करें। गैस एजेंसियों, होटलों एवं रेस्तरां में निरीक्षण कर काला बाजारी एवं जमाखोरी को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। लोगों से अपील की कि अनावश्यक रूप से गैस सिलिंडरों या पेट्रोलियम उत्पादों की खरीद एवं भंडारण न करें। जिला प्रशासन द्वारा एलपीजी सिलिंडरों की आपूर्ति के लिए रूट चार्ट निर्धारित किया है। होम डिलीवरी एवं पिकअप प्वाइंट के माध्यम से नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। उपभोक्ताओं से आग्रह किया है कि वह गैस एजेंसियों के गोदामों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं।