विरोधियों पर अपनी टिप्पणियों और तंज के जरिये करारा हमला करने वाले मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने सोशल मीडिया पर भी विरोधियों को लताड़ लगाई है। मंगलवार को वीरभद्र ने अपने फेसबुक व ट्विटर पेज पर एक पोस्ट कर विरोधियों को जमकर घेरा। सीबीआई द्वारा साल भर पहले की गई छापेमारी का हवाला देते हुए सीएम ने कार्रवाई को विरोधियों का राजनीतिक षड्यंत्र बताया।
कहा कि उनकी वजह से परिवार को भी इसका शिकार होना पड़ रहा है। आज भी उनके विरोधी साजिश रचने का प्रयास कर रहे हैं। सीएम का यह पोस्ट ऐसे समय पर आया है जब उनका विरोध विपक्ष के साथ ही प्रदेश कांग्रेस के कुछ नेताओं से मतभेद चल रहा है। ऐसे में ताजा घटनाक्रम का संदर्भ लिए बिना वीरभद्र के इस पोस्ट के कई मायने निकाले जा रहे हैं।
पीसीसी अध्यक्ष पर की थी टिप्पणी
सीएम के निशाने पर इन दिनों उन्हीं की पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू चल रहे हैं। सीएम कई बार पार्टी पदाधिकारियों की चयन प्रक्रिया पर सवाल उठा चुके हैं। वह यहां तक कह चुके हैं कि कई पदाधिकारी तो बीडीसी और पंचायत सदस्य बनने लायक तक नहीं हैं। साथ ही सुक्खू को स्थिति में सुधार लाने और शिकायत करने के लिए विवश न करने की चेतावनी भी दे चुके हैं।