मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने प्रदेश खेल सांस्कृतिक एवं पर्यावरण परिषद की ओर से शांति और एकता के लिए आयोजित टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता के समापन समारोह की अध्यक्षता की। कहा कि जो लोग राजनीति में हैं और अपने दैनिक जीवन में दिन-प्रतिदिन दबाव में रहते हैं, उनके लिए यह आवश्यक है कि इस तरह की प्रतियोगिता वर्ष में एक बार अवश्य हो।
सोलन के धर्मपुर स्थित पाइनग्रोव स्कूल मैदान में क्रिकेट प्रतियोगिता के आयोजन पर सीएम ने कहा कि विभिन्न खेल संघों को दिए जाने वाले अनुदान को बढ़ाया गया है। राज्य और जिलास्तरीय खेल संघों को दिए जाने वाले अनुदान को समय-समय पर बढ़ाया जा रहा है। राज्यस्तरीय ‘ए’ श्रेणी के स्पोर्ट्स संघों को एक लाख से बढ़ाकर 1.25 लाख और ‘बी’ श्रेणी के खेल संघों को 75 हजार से बढ़ाकर एक लाख अनुदान दिया गया है।
‘सी’ श्रेणी के खेल संघों को 50 हजार से बढ़ाकर अनुदान 75 हजार किया है। जिला स्तर के खेल संघों में ‘ए’ श्रेणी के खेल संघों को अनुदान 12 हजार से 15 हजार, ‘बी’ श्रेणी के खेल संघों को 8 हजार और ‘सी’ श्रेणी के खेल संघों को अनुदान में भी बढ़ोतरी की है। टी-20 का फाइनल मैच प्रेस एकादश तथा बोर्ड चेयरमैन-एकादश के बीच खेला गया। प्रदेश खेल, सांस्कृतिक एवं पर्यावरण एसोसिएशन के अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों का मुख्यमंत्री से परिचय करवाया।
दो दिवसीय प्रतियोगिता में मुख्यमंत्री-एकादश, राज्यपाल-एकादश, प्रेस-एकादश और बोर्ड चेयरमैन-एकादश के बीच कसौली के समीप पाइनग्रोव स्कूल में मैच खेले गए। मुख्यमंत्री का मुख्य अध्यापक कैप्टन एजे सिंह ने स्वागत किया। प्रदेश खेल, सांस्कृतिक एवं पर्यावरण एसोसिएशन ने अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी अजय ठाकुर को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने अजय ठाकुर को एसोसिएशन की तरफ से 51 हजार का चेक भी भेंट किया।
अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त अंपायर एसके बंसल और राष्ट्रीय अंपायर राजू बग्गा एवं अमित वर्मा ने प्रतियोगिता में अंपायरिंग की। उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री, शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा, मुख्य संसदीय सचिव, विधायक, विभिन्न बोर्डों एवं निगमों के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष, मुख्य सचिव वीसी फारका, डीजीपी संजय कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।