पठानकोट आतंकी हमले के चार दिन बाद मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने मंगलवार को गृह, पुलिस और सतर्कता विभाग के अधिकारियों के साथ राज्य की सुरक्षा व्यवस्था पर समीक्षा बैठक की। सीएम ने सुरक्षा एवं सतर्कता एजेंसियों को राज्य में किसी भी प्रकार के आतंकी हमले की संभावना से निपटने के लिए रणनीति बनाने के निर्देश दिए।
सीएम ने जम्मू-कश्मीर और पंजाब से सटे जिलों में कमांडो तैनात करने और पुलिस कर्मियों की संख्या बढ़ाने के भी निर्देश दिए। बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए पुलिस अधिकारियों को फिर से सिक्योरिटी रिव्यू करने के लिए कहा है। सीमावर्ती क्षेत्रों में स्थापित चौकियों में अतिरिक्त पुलिस बलों की तैनाती की जा चुकी है। समीक्षा के बाद अगर जरूरत पड़ती है तो वहां और फोर्स तैनात की जाएगी।
सीमावर्ती इलाकों में आवश्यकतानुसार आधुनिक अस्त-शस्त्रों के साथ प्रशिक्षित कमांडो तैनात करने के लिए भी अधिकारियों को कहा है। विजिलेंस के अधिकारियों को किसी भी तरह की देश और प्रदेश विरोधी गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं।
हर छोटी सूचना पुलिस और अन्य एजेंसियों से साझा करने को कहा है। बॉर्डर पर खास एहतियात बरतने के लिए उन्होंने दूसरे प्रदेश से आने वालों पर कड़ी नजर रखने तथा राज्य की सभी जनता, धार्मिक एवं महत्वपूर्ण स्थलों पर सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने को भी कहा है।
मुख्यमंत्री ने पड़ोसी प्रदेशों के सुरक्षा बलों के साथ तालमेल बनाने पर जोर दिया है। कहा कि ऐसा होने से किसी भी स्थिति के अनुरूप रणनीति तैयार करने में आसानी रहेगी। पंजाब, जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद से निपटने को हरसंभव मदद दी जाएगी।
सीएम ने बताया कि राज्य के लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। यदि कोई संदिग्ध विशेषकर पुलिस अथवा सेना की वर्दी में दिखता है तो इसकी सूचना तत्काल सुरक्षा एजेंसियों को दें।