मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने लोगों का आर्थिक विकास करने के लिए चरखे को ईजाद किया था। खादी तैयार करके आत्मनिर्भर बनाया था, लेकिन अब केंद्रीय खादी बोर्ड ने एक फोटो बनाकर वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चरखा कातते हुए दिखाकर चापलूसी की सभी हदें पार कर दी हैं।
वे हिमाचल के चंबा में भटियात विधानसभा क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे के दौरान जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा आर्थिक सहूलियत बनाए रखने का काम किया है। इसमें हर वर्ग के लोगों को साथ लेकर चलने और समान रूप से आगे बढ़ने की नीति बनाकर देश की अखंडता तथा संप्रभुता को बनाए रखने का काम किया है।
केंद्र सरकार धर्म के नाम पर लोगों को बांटने का काम कर रही है। वीरभद्र सिंह ने कहा कि अच्छे कार्यों के लिए केंद्र सरकार को हर मंच पर साथ देंगे। समाज को उजाड़ने और बांटने वाली किसी भी हरकत को सहन नहीं किया जाएगा।
नोटबंदी से ठप हो गया लोगों का कामधंधा
उन्होंने नोटबंदी को लेकर कहा कि यह एक जल्द बाजी और बिना तैयारी के लिया गया फैसला है। इसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है। धन न मिलने से न केवल जनमानस परेशान है, बल्कि लोगों का काम धंधा भी ठप हो गया है।
कहा कि कांग्रेस सरकार ने बिना भेदभाव समान विकास करवाया है। उन्होंने भाजपा पर हमेशा ही नए पुराने हिमाचल के नाम पर लोगों को बांटकर वोट मांगने का आरोप लगाया। कहा कि कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में असंख्य स्कूल खोलने के साथ 116 कॉलेज व साढ़े 25 हजार किलोमीटर लंबी सड़कों का निर्माण करवाया है।
हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा और नाहन में नए मेडिकल कॉलेज खोले हैं। इस दौरान प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के चेयरमैन कुलदीप सिंह पठानिया, वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरेंद्र भारद्वाज, उपायुक्त सुदेश मोख्टा, पीसीबी सचिव पवन नैय्यर आदि मौजूद रहे।
कौन जीतेगा, इसका फैसला जनता पर छोडे़ं वीरभद्र : धूमल
पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार ने कहा कि चुनाव जीतने के लिए सोचना सबका अधिकार है। इसमें कोई बुराई नहीं है, लेकिन किसे जिताना है ये जनता के हाथ में है। इसलिए वीरभद्र सिंह इसका फैसला जनता पर छोड़ दें। वीरभद्र सिंह के सातवीं बार मुख्यमंत्री बनने के दावे पर पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल से पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने यह बात कही। कहा कि भाजपा की चार्जशीट में दम है।
इसमें बहुत गंभीर आरोप हैं और तथ्यों सहित हैं। इन्हें जनता तक पहुंचाने के लिए एक से 15 फरवरी तक एक पखवाड़ा मनाएंगे। इसमें चार्जशीट पर चर्चा के तहत चार्जशीट के मुद्दों को कॉपी के जरिये जनता तक पहुंचाया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ता मंडल और जिला में जाकर इस पर जनता से चर्चा कर अवगत करवाएंगे।
उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि चार्जशीट पर चर्चा कुछ वैसी ही होगी, जैसे चाय पर चर्चा और राहुल गांधी की खाट पर चर्चा कि कैसे उनकी खाट खड़ी हो गई। मुद्रा एवं लेखन विभाग की तरफ से छापे गए कैलेंडर में मुख्यमंत्री की तस्वीर की बात को लेकर किए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि जिससे जहां जहां गलती हुई वह लोग ठीक कर लेंगे।