मल्यावर में मंच पर गदा लहराते मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह।
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली में ईडी की कार्रवाई पर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि यह केंद्र सरकार की एक और घटिया राजनीतिक साजिश है। बेटी की शादी के दिन घर पर सीबीआई रेड और होली के दिन प्रवर्तन निदेशालय का यह तोहफा मिला है। मैं एक योद्धा हूं और राजनीति से प्रेरित इन मुकदमों से लड़ता आया हूं और लड़ता रहूंगा। मुझे देश की न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। सत्यमेव जयते! सीएम ने अपना ये बयान सोशल मीडिया पर जारी किया।
वहीं, बिलासपुर के मल्यावर में जनसभा में सीएम वीरभद्र सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के खिलाफ मामले बनाने में मशगूल है। राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मुझ पर बेवजह के केस बनाए जा रहे हैं। मेरे खिलाफ आयकर विभाग, सीबीआई और ईडी ने जांच चला रखी है। जितनी मर्जी जांच करा लें, लेकिन मिलेगा वही ठन-ठन गोपाल।
मैं किसी भी जांच से डरने वाला नहीं हूं। केवल नीचा दिखाने के लिए सत्ता का प्रयोग किया जा रहा है। काले बादल जितने भी मंडराएं, जीत हमेशा ईमानदारी की ही होती है। उन्होंने केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली पर निशाना साधा कि जांच से ऐसा प्रतीत हो रहा है कि जैसे मैंने उनका कुछ बुरा किया हो। किसी का नाम लिए बगैर कहा कि उनके पास सत्ता है तो मेरे साथ भगवान है। अगर गलती हुई होगी तो उसका भुगतान करना होगा।