मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने रिज मैदान स्थित टका बैंच पर नगर निगम के पहले बुक कैफ का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने पांच ओवरहेड ब्रिज, दो पार्किंग, फुटपाथ और सामुदायिक केंद्र का भी शिलान्यास किया। बुक कैफे में ऑनलाइन किताबें पढ़ी जा सकेंगी और फ्री में वाई फाई सुविधा मिलेगी। स्थानीय लोग और सैलानी चाय, काफी की चुस्की के साथ पसंदीदा किताबें पढ़ने का लुत्फ उठा सकेंगे। बुक कैफे की एक खास बात यह भी है कि इसके संचालन की जिम्मेदारी कैदियों को सौंपी गई है।
बुक कैफे के बाद मुख्यमंत्री ने नवबहार चौक पर फुट ओवरब्रिज और नवबहार-संजौली पैदल पथ का शिलान्यास किया। पार्षद सुशांत कपरेट और लोगों के आग्रह पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को पैदल पथ का विस्तार कॉलेज और स्कूल तक करने की संभावनाएं तलाशने के आदेश दिए। आईजीएमसी के नीचे कार पार्किंग का शिलान्यास किया।
यहां दो सौ गाड़ियों के लिए पौने तीन करोड़ की लागत से नगर निगम पांच मंजिला पार्किंग बनाएगा। इसके बाद मुख्यमंत्री ने ताराहाल स्कूल के पास फुट ओवरब्रिज का शिलान्यास और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अनाडेल का उद्घाटन किया। स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर भी इस दौरान मौजूद रहे।
स्वास्थ्य केंद्र में ओपीडी और माइनर ओटी के अलावा छह बेड लगाए गए हैं। स्वास्थ्य केंद्र के लिए जमीन दान करने पर मुख्यमंत्री ने प्रेम सिंह ठाकुर का धन्यवाद किया। इस मौके पर मेयर संजय चौहान, डिप्टी मेयर टिकेंद्र पंवर, एचपीएमसी उपाध्यक्ष हरीश जनारथा, पार्षद सुशांत कपरेट, नरेंद्र ठाकुर, शशि शेखर, कांता सुयाल, लक्ष्मी कश्यप, निगम आयुक्त जीसी नेगी, एचपीटीडीसी के प्रबंध निदेशक दिनेश मल्होत्रा सहित मौजूद रहे।
जेल में रहा हूं, कैदियों का दर्द समझता हूं: टिकेंद्र
स्टूडेंट मूवमेंट के दौरान ढाई साल तक मैं जेल में रहा हूं। कैदियों के दर्द को मैने नजदीक से महसूस किया है। हमेशा से इन्हें मुख्यधारा में लाने के लिए कुछ करना चाहता था, बुक कैफे इस कड़ी में पहला प्रयास है। दिल्ली में एक दोस्त के वालंटियर कैफे से शिमला में बुक कैफे शुरू करने का आइडिया मिला था। कैफे के संचालन का जिम्मा कैदियों को सौंपा गया है। इनकी बाकायदा ट्रेनिंग हुई है। -टिकेंद्र पंवर, डिप्टी मेयर, नगर निगम शिमला
तीन कैदियों को बुक कैफे के संचालन का जिम्मा
आजीवन कारावास की सजा काट रहे तीन कैदी बुक कैफे का संचालन करेंगे। दर्शन सिंह को बेकरी मैनेजर का जिम्मा सौंपा गया है जबकि आठ साल से सजायाफ्ता जयचंद और योगराज बुक कैफे अटेंडेंट होंगे। अमर उजाला से बात करते हुए बुक कैफे में तैनात किए गए कैदी भावुक हो गए। रुंधे हुए गले से कैदियों ने बताया कि जेल में उम्र कैद की सजा कब तक काटनी होगी पता नहीं लेकिन बुक कैफे में काम करते हुए खुली हवा में आम लोगों के साथ वक्त गुजारने का मौका मिलेगा यह बड़ी बात है।
बिना रुके 5:30 घंटे में 11 शिलान्यास और उद्घाटन
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने मंगलवार को एक के बाद एक ताबड़तोड़ ग्यारह शिलान्यास और उद्घाटन किए। सबसे पहले पौने ग्यारह बजे टका बैंच पर बुक कैफे का उद्घाटन किया। इसके बाद लगातार शिलान्यास और उद्घाटनों का दौर चला रहा। शाम 4:15 मिनट पर होटल हॉलीडे होम की पार्किंग का अंतिम शिलान्यास किया। इस दौरान शहर में ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
दुर्लभ किताब ‘शिमला पास्ट एंड प्रेजेंट’ बुक कैफे में मौजूद
एडवर्ड जॉन बक की लिखी अति दुर्लभ किताब ‘शिमला पास्ट एंड प्रेजेंट’ पाठकों के लिए बुक कैफे में उपलब्ध करवाई गई है। इसके अलावा मशहूर लेखक चेतन भगत की वन इंडियन गर्ल, पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम की इंडिया 20-20 और जवाहर लाल नेहरू की जीवनी पर आधारित किताबों सहित बच्चों की पसंद की किताबें भी बुक कैफे में मौजूद हैं। नगर निगम के पूर्व आयुक्त पंकज राय ने बुक कैफे तैयार करने में अहम भूमिका निभाई है। सीसीटीवी कैमरों से लैस बुक कैफे में किताबों के अलावा युवाओं के लिए गिटार और चैस भी उपलब्ध करवाया जाएगा।
बुक कैफे की रेट लिस्ट
चाय 15 रुपये
कॉफी 25 रुपये
सूप 25 रुपये
बर्गर 35 रुपये
कप केक 20 रुपये
पेस्ट्री 25 रुपये
फैन 5 रुपये प्रति पीस
पिज्जा 120 रुपये मीडियम
कुकीज 5 रुपये प्रति पीस
क्रीम रोल 10 रुपये