मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने टूटीकंडी में ओवर हेडब्रिज और सामुदायिक भवन का शिलान्यास करने के बाद जनसभा में कहा शहर में बेतरतीब मकान बना दिए गए हैं, जिन्हें देख कर डर लगता है कि अगर भूकंप आया तो क्या हाल होगा। सरकार कि मंशा शिमला को व्यवस्थित करने की है। भवन नक्शों के हिसाब से बनने चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को नियमों और अधिनियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शिमला शहर में पानी की किल्लत का शीघ्र ही समाधान कर लिया जाएगा। विश्व बैंक ने तीन दशकों के लिए शिमला शहर तथा इसके उप नगरों में पानी की मांग को पूरा करने के लिए कोल डैम योजना को स्वीकृति दी है। उन्होंने शिमला के लोगों से नगर निगम चुनावों में शांतिपूर्ण ढंग से अपने मताधिकार का उपयोग करने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने टूटीकंडी हाई स्कूल को सीनियर सेकेंडरी स्कूल का दर्जा देने की घोषणा की। इसके अलावा वार्ड में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने और स्टेडियम बनाने की भी घोषणा की। मेयर संजय चौहान ने मुख्यमंत्री के सामने नगर निगम की उपलब्धियां गिनवाईं।
खलीनी में ओवर हेडब्रिज, हॉली डे होम में कार पार्किंग का शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने खलीनी में ओवर हेडब्रिज और होटल हॉलीडे होम में कार पार्किंग का शिलान्यास भी किया। एचपीटीडीसी के उपाध्यक्ष हरीश जनारथा और प्रबंध निदेशक दिनेश मल्होत्रा ने मुख्यमंत्री से होटल के समीप खाली पड़ी जमीन में कांप्लेक्स बनवाने का आग्रह किया।