मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि एक दो को छोड़कर भाजपा नेता विधानसभा में आने लायक नहीं है। यह नेता गंदगी उछालने का काम करते हैं, ऐसे में इन्हें नगर निगम में नौकरी के लिए दरख्वास्त देनी चाहिए। पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार के कार्यकाल के दौरान भाजपा में अच्छी परंपरा होती थी और पार्टी का स्तर ऊंचा था।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने यह जानकारी भाजपा कोर कमेटी की बैठक में कांग्रेस सरकार के खिलाफ चार्जशीट तैयार किए जाने के प्रश्न के उत्तर में दी। रिज मैदान पर आयोजित हिमाचल निर्माता यशवंत सिंह परमार जयंती के अवसर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने मीडिया
से बात करते हुए कहा कि भाजपा के नेता गंदी राजनीति करते हैं जो ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि मैंने यह बयान कभी नहीं दिया कि भाजपा राष्ट्रवादी पार्टी नहीं है। हर पार्टी को राष्ट्रवादी के तौर देखा गया है। मीडिया में ब्यान को तोड़ मरोड़ के पेश किया गया।
विज्ञापन
राज्यपाल जाने किसे दें कुलपतियों की तैनाती
बागवानी और कृषि विश्वविद्यालय के कुलपतियों को सेवा विस्तार नहीं देने पर उन्होंने टिप्पणी करते हुए कहा कि राज्यपाल ही जानें। वही जानें कि वह कितने लोगों को लगाते हैं।
रघुनाथ मंदिर किसी की निजी संपत्ति नहीं
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि कुल्लू में रघुनाथ मंदिर किसी की निजी संपत्ति नहीं है। इसका रखरखाव सही तरीके से होगा। सरकार की भी यही मंशा है। इसके चलते सरकार ने इसका अधिग्रहण किया है।
बारिश से सेब की फसल को कोई नुकसान नहीं
सीएम वीरभद्र सिंह ने कहा कि हिमाचल में मूसलाधार बारिश से सेब की फसल को कोई नुकसान नहीं हुआ है। पहले की अपेक्षा इस बार हिमाचल में सेब की बंपर क्राप नहीं है।
बारिश से सड़कों नहीं हुआ नुकसान
हिमाचल में बारिश से सड़कों को कोई नुकसान नहीं हुआ है। आज ही रिपोर्ट मिली है। एक सड़क के ऊपर चट्टान गिरी है। जिससे सड़क क्षतिग्रस्त हुई है।
कंप्यूटर शिक्षकों को सब्र करना चाहिए
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि कंप्यूटर शिक्षकों को सब्र करना चाहिए था। कई बार बनते काम भी बिगड़ जाते हैं। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने यह बात रिज मैदान पर आयोजित हिमाचल निर्माता यशवंत सिंह परमार की जयंती के दौरान पूछे गए प्रश्न के उत्तर में दी। कंप्यूटर शिक्षक प्रदेश सरकार से पॉलिसी की मांग कर रहे हैं।
सरकार की ओर से नीति न बनाए जाने से ये शिक्षक एक महीने से क्रमिक अनशन पर हैं। अब सरकार ने एक साल और कंप्यूटर शिक्षा को ठेके पर दे दिया है। इससे कंप्यूटर शिक्षक भड़क गए हैं। शिक्षक प्रदेश सरकार से कंपनी को दिए गए सेवा विस्तार को लेकर नाराज चल रहे हैं।
इसके चलते शिक्षकों ने बीते बुधवार को सचिवालय के बार धरना प्रदर्शन किया था। प्रदेश कंप्यूटर शिक्षक महासंघ के अध्यक्ष जगदीश शर्मा ने कहा कि कंप्यूटर शिक्षक बीते 15 साल से सरकारी स्कूलों में सेवाएं दे रहे हैं। बार-बार मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से पॉलिसी बनाने की मांग की जा रही है।
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने पॉलिसी बनाने का आश्वासन भी दिया था, लेकिन पॉलिसी बनाने की बजाय कंपनी को एक साल का और सेवा विस्तार दे दिया गया। कंपनी न तो समय पर शिक्षकों को तनख्वाह दे रही है। लगातार कंपनियां कंप्यूटर शिक्षकों का शोषण कर रही है।
वीरभद्र ने भाजपा का नहीं, जनता का अपमान किया
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की ओर से भाजपा नेताओं के खिलाफ की गई तीखी टिप्पणी से भाजपा नेता भड़क गए हैं। पार्टी नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को सोच-समझकर बयानबाजी करनी चाहिए। यह भाजपा का नहीं, बल्कि उस जनता का अपमान है जिन्होंने उन्हें चुनकर भेजा गया। मुख्यमंत्री की ओर से इस तरह की बयानबाजी करना असहनीय है।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह अपना आपा खो बैठे हैं। उन्हें लोकतंत्र पर विश्वास नहीं रहा है। इसी के चलते वह तरह-तरह की बयानबाजी करते रहते हैं। आगामी मानसून सत्र में उन्हें इसका जवाब मिलेगा। भाजपा नेता और विधायक रणधीर शर्मा ने बताया कि जनता ने उन्हें चुनकर भेजा है।
वीरभद्र सिंह को इस तरह की बातें करने का कोई अधिकार नहीं है। कांग्रेस सरकार भ्रष्ट है। ऐसे में सरकार के खिलाफ भाजपा चार्जशीट तैयार कर रही है। जहां तक विधानसभा में न आने लायक की बात है। जनता ने उन्हें चुनकर भेजा है। उन्होंने इस तरह के बयानबाजी करके जनता का अपमान किया है।
भाजपा विधायक सुरेश भारद्वाज ने कहा कि हिमाचल में जब भी विधानसभा सत्र शुरू होता है, तब मुख्यमंत्री इस तरह की बयानबाजी करना शुरू कर देते हैं। वह जनता का ध्यान असली मुद्दों से भटकाने की कोशिश करते हैं। उनका राजनीतिक कैरियर में 50 साल का तजुर्बा है। उन्हें इस तरह की ओछी बयानबाजी करना शोभा नहीं देता।
कांग्रेस रूपी कूड़े को समाप्त करेगी अब भाजपा: बिंदल
विधायक एवं पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव बिंदल ने शिमला मालरोड पर परमार जयंती के कार्यक्रम में सीएम वीरभद्र सिंह के उस बयानबाजी की निंदा कि है, जिसमें उन्होंने भाजपा के विधायकों को विधानसभा में पहुंचने के लायक नहीं कहा है। कहा कि यह शब्द हिमाचल के लाखों मतदाताओं को लज्जित करने वाले हैं।
सीएम की रजवाड़ा शाही मानसिकता इस स्थिति में पहुंच गई है कि जनता के चुने गए प्रतिनिधियों को अपमानित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा, कांग्रेस रूपी कूड़े, भ्रष्टाचार को समाप्त करने में लगी है। सांसद और बीसीसीआई अध्यक्ष अनुराग ठाकुर के ऊपर राजनीतिक द्वेष से मुकदमे बनाए गए। जहां से उन्हें बारी-बारी राहत मिल रही है।
वह सोलन में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। कहा कि चाहे फोन टेपिंग का मामला था या किसी अधिकारी के दोबारा नियुक्ति का मामला। न्यायालय के फैसलों ने यह साबित किया है कि राजनितिक प्रतिशोध कांग्रेस पार्टी का लक्ष्य बन गया है। इस वक्त कांग्रेस सरकार की पूरी मशीनरी और सभी अधिकारी केवल एक ही प्रतिशोध के कार्य पर लगे हुए हैं।