मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा है कि प्रदेश में जल्द ही अनुसूचित जाति आयोग का गठन किया जाएगा। इसके लिए पहले कानून बनाया जाएगा। सरकार के पास अध्यादेश और एक्ट पारित करने के दोनों ही विकल्प मौजूद हैं। वीरभद्र सिंह ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराम अंबेडकर की 125वीं जयंती समारोह के अवसर पर कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन शिमला में वीरवार को पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत की।
वीरभद्र सिंह ने कहा कि हिमाचल सरकार अनुसूचित जाति के लोगों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। इससे पूर्व समारोह में अपने संबोधन में प्रदेश कांग्रेस के अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष के. राजू और कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा ने भी मुख्यमंत्री से अनुसूचित जाति आयोग के गठन की मांग की।
गो तस्करी की जांच कराएगी सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार गोहत्या के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि गो तस्करी की सीमाई क्षेत्रों में पूरी जांच होगी। इसके अलावा नाहन में गो तस्कर की हत्या के आरोपियों पर दर्ज मामले में भी छानबीन की जा रही है।