मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने संजौली कॉलेज में आयोजित एचपीयू ग्रुप थ्री यूथ फेस्टिवल के समापन समारोह में उठाई सभी मांगों को मान लिया।
उन्होंने ऐलान किया कि स्कूल, कॉलेज और अन्य शिक्षण संस्थानों के छात्रों के लिए शहर के नजदीक मल्टीर्पपज खेल मैदान बनेगा। स्कूल और कॉलेज के खिलाड़ी वहां अभ्यास कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सेंटर आफ एक्सीलेंस संजौली कॉलेज के छात्रावास का निर्माण ढली बाइपास पर देखी भूमि पर होगा। इसमें ब्वॉयज हास्टल शिफ्ट कर खाली हुए ब्वॉयज छात्रावास में गर्ल्स हॉस्टल शिफ्ट करेंगे।
क्लास रूम और पार्किंग निर्माण के लिए उन्होंने चार करोड़ देने की की। कॉलेज के पास से गुजरने वाले सर्कुलर रोड पर छात्रों और आम लोगों की सुविधा के लिए ओवर हेड ब्रिज बनेगा। इस मौके कॉलेज प्राचार्य डा. जेएस नेगी भी मौजूद रहे।
मंच पर बुलाकर एससीए पदाधिकारियों की थपथपाई पीठ
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने मेरिट आधार पर मनोनीत एससीए पदाधिकारियों अध्यक्ष साक्षरता, उपाध्यक्ष आकाश कुमार, सचिव पूजा शर्मा और सचिव रुबिना ठाकुर को मंच पर बुलाकर बधाई दी। कहा कि कॉलेज में राजनीति नहीं होनी चाहिए जिन्हें राजनीति करने हो वे पढ़ाई करने के बाद राजनीति करें।
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का संजौली कॉलेज में पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ छात्रों और प्रदेश के 45 से अधिक कॉलेजों से आए शिक्षकों तथा छात्रों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। कॉलेज के एनसीसी, एनएसएस और स्काउट एंड गाइड छात्रों ने गार्ड आफ ऑनर दिया।