ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने सोमवार को मझीण में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि उनके खिलाफ सारी साजिश धूमल के कहने पर अनुराग और जेटली ने मिलकर रची है। सीएम ने कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आदर करते हैं लेकिन मोदी सरकार के कार्यकाल में इस तरह की घटनाएं प्रजातंत्र के लिए खतरा हैं। वर्तमान केंद्र सरकार सभी धर्मों को बराबरी में तौले।
इससे पूर्व मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए सीएम ने नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, उनके दोनों बेटों अनुराग ठाकुर और अरुण पर जमकर निशाना साधा। वीरभद्र सिंह ने कहा कि शांता कुमार दो बार मुख्यमंत्री रहे। शांता के साथ उनके प्रतिपक्ष के रूप में वैचारिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन वे सिद्धांतवादी व्यक्ति हैं। लेकिन धूमल के मुख्यमंत्री बनने पर उनके शब्दकोष में शालीनता जैसा कोई भी शब्द नहीं था। वे हमेशा प्रतिशोध से कार्य करते रहे। धूमल जब से मुख्यमंत्री बने, तब से हिमाचल की राजनीति का स्तर गिर गया है।
मेरे साथ ब्रिटिश शासनकाल से भी बदतर व्यवहार- भावुक होकर मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरी लड़की की शादी थी। बच्चों ने कहा कि शादी मंदिर में करवाई जाए। मैंने बच्चों की बात मान ली। लेकिन, बेटी की शादी के दिन ही सीबीआई ने मेरे घर पर छापे मारे। मैं चाहता तो इस कार्रवाई को रोक सकता था। मेरे पास शक्ति थी। लेकिन, मैंने ऐसा नहीं किया। बावजूद इसके मेरे साथ ब्रिटिश शासनकाल से भी बदतर व्यवहार किया जा रहा है।