सुबह के कार्यक्रम की मुख्यमंत्री, दोपहर बाद के सत्र की कुलाधिपति एवं राज्यपाल करेंगे अध्यक्षता
स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में पांच अंत विषय शोध अनुसंधान केंद्रों का मुख्यमंत्री करेंगे शुभारंभ
समारोह में आगामी तीन वर्षों के लिए होगी दृष्टिकोण प्रस्तुति, शोध संस्थानों के साथ होंगे एमओयू
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। हिमाचल प्रदेश विद्यालय 22 जुलाई को अपना 56वां स्थापना दिवस मनाएगा। एक दिन के इस समारोह का आयोजन दो सत्रों में किया जाएगा। सुबह के सत्र की अध्यक्षता मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू करेंगे। दोपहर बाद के होने वाले सत्र में राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति शिव प्रताप शुक्ल अध्यक्षता करेंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने समारोह का कार्यक्रम तय कर जारी कर दिया है। इसमें पूरा दिन कई तरह की गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुबह साढ़े दस बजे विश्वविद्यालय के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में शुरू किए जाने वाले पांच शोध अनुसंधान केंद्रों का विधिवत शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री पौधरोपण भी करेंगे। सभागार में होने वाले पहले समारोह सत्र में विश्वविद्यालय के आगामी तीन सालों के लिए दृष्टिकोण की प्रस्तुति दी जाएगी। इस दौरान विश्वविद्यालय के शोध संस्थानों के साथ एमओयू साइन किए जाएंगे। मुख्यमंत्री विश्वविद्यालय की परिसंवाद, पत्रिकाओं का विमोचन करेंगे। इसमें प्रति कुलपति प्रो. राजिंद्र वर्मा और कुलपति प्रो. महावीर सिंह का संबोधन भी रहेगा। लंबे अंतराल के बाद विश्वविद्यालय स्थायी कुलपति प्रो. महावीर की मौजूदगी में अपना स्थापना दिवस मनाएगा। दोपहर बाद होने वाले समारोह के दूसरे सत्र में राज्यपाल एवं कुलाधिपति शिव प्रताप शुक्ल कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार दोपहर ढाई बजे विवि आएंगे। अधिष्ठाता अध्ययन प्रो. बीके शिवराम रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। वहीं विवि में शुरू किए जाने वाले पांच शोध अनुसंधान केंद्रों और विवि के साथ संस्थानों के होने वाले एमओयू को लेकर विशेष प्रस्तुति होगी। समारोह में कैंसर उन्मूलन पर डॉ. सुमित गोयल का व्याख्यान होगा, वहीं पूर्व छात्रों का परिचय भी होगा।
विवि परिसर में ज्ञान पथ पर नहीं होगी वाहन पार्क करने की अनुमति
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के 56वें स्थापना दिवस समारोह के दिन परिसर में मुख्य गेट से लेकर अतिथि संकाय तक के ज्ञान पथ मार्ग पर वाहनों की पार्किंग की अनुमति नहीं होगी। कुलपति प्रो. महावीर सिंह ने विवि के मुख्य सुरक्षा अधिकारी को व्यवस्था को सुनिश्चित करने के लिए आदेश दिए हैं। विवि कर्मचारियों और अन्य वाहनों को विवि स्वास्थ्य केंद्र और चैरिटीन सड़क पर पार्क करने की एडवाईजरी जारी की गई है।