मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस छोड़कर और लोग भी जाना चाहें तो वे जा सकते हैं। सीएम ने पूर्व में कांग्रेस छोड़कर गए नेताओं को वापस लेने से साफ इन्कार किया। उन्होंने इस संबंध में कांग्रेस नेताओं की वापसी की चर्चा पर किए एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि कांग्रेस उन्हें वापस लेना नहीं चाहती। कहा कि जिनकी और भी रुचि है, वे भी चले जाएं। बुधवार को पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि जब पार्टी उन्हें वापस लेना ही नहीं चाहती तो उनसे बातचीत करने का कोई औचित्य नहीं है।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर कहा कि शक-शुबहा दूर करने के लिए बैलेट पेपर से चुनाव हो जाएं तो अच्छा है। इसमें कोई दो राय नहीं है। उन्होंने कहा कि बैलेट पेपर से चुनाव होने पर चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठने वाले संदेह दूर करने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा पांच गुटों में बंटी हुई है। राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन पर निशाना साधते हुए कहा कि महाजन उनसे बाद में राजनीति में आए, लेकिन वह उनसे पहले एनएसयूआई के अध्यक्ष बन गए थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर्ष महाजन अलग-अलग जगहों पर अलग-अलग बयान दे रहे हैं। भाजपा में गुटबाजी के सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी पांच गुटों में बंटी हुई है और नेता चाहे जितने बयान दें, इससे स्थिति नहीं बदलती।