मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि जल्द ही हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) में युक्तिकरण होगा। बसों और स्टाफ की जरूरत के हिसाब से अलॉटमेंट होगी। मंगलवार को प्रश्नकाल के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि निजी बसों में भी विद्यार्थियों के रियायती पास मान्य करेंगे। बस पास बनाने की प्रक्रिया जारी है। करीब 20 हजार विद्यार्थियों ने पास बनवा लिए हैं। 200 रुपये में एक साल के लिए पास बन रहे हैं। प्रक्रिया पूरी होते ही पता चल जाएगा कि कितने विद्यार्थियों को लाभ दिया जाना है। मुख्यमंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों में प्राइवेट और सरकारी बसें चलाने के लिए एक संयुक्त नीति बनाने का एलान भी किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल में निजी बस ऑपरेटरों को 435 रूट आवंटित किए जाएंगे। इसकी प्रक्रिया चल रही है। प्रदेश के किसी भी क्षेत्र में बसों की कमी नहीं होने देंगे।