भाजपा ने गाय के नाम पर की राजनीति : सुक्खू
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि भाजपा ने गाय के नाम पर केवल राजनीति की है, जबकि गाय और गो पालकों के कल्याण के लिए वर्तमान सरकार ने अनेकों योजनाएं बनाई हैं। वीरवार को जारी बयान में मुख्यमंत्री ने कहा कि निजी गो सदनों में आश्रित गोवंश को दिए जाने वाले अनुदान को 700 रुपये से बढ़ाकर 1200 रुपये प्रतिमाह करने का निर्णय लिया है। इसके अतिरिक्त राज्य में लावारिस पशुओं की समस्या से निपटने के लिए एक राज्य स्तरीय टास्क फोर्स का गठन किया जाएगा। सरकार ने पशुपालन तथा दूध उत्पादन को प्राकृतिक खेती से जोड़कर किसानों की आय में वृद्धि को सुनिश्चित किया है। पशुपालकों को उत्तम नस्ल के पशु उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से सोलन जिले के दाड़लाघाट में कृत्रिम गर्भाधान प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किया जाएगा। हिमाचल प्रदेश देश का पहला राज्य है, जहां दूध पर समर्थन मूल्य प्रदान किया जा रहा है। सरकार किसानों और पशु पालकों को दूध उत्पाद के उचित मूल्य सुनिश्चित करेगी।
हरोली में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भाजपा पर बोला जुबानी हमला
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री का कहना है कि भारतीय जनता पार्टी का देश में सियासी माहौल डोल चुका है और कई राज्य में एक भी सीट भाजपा नहीं जीत पाएगी। कहा कि वर्तमान में हवा बदल चुकी है । उन्होंने यह बात अपने विधानसभा क्षेत्र हरोली दाैरे के दौरान पत्रकारों से बातचीत में कही। कहा कि भाजपा ने सदा धर्म,जाति व क्षेत्रवाद के नाम पर बांटने की राजनीति की है और वोट हथियाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर भाजपा क्यों नहीं वोट मांग रही है। इस बात का जवाब जनता भाजपा के नेताओं से अवश्य पूछे। कहा है कि अगर असल में भाजपा ने विकास करवाया है तो विकास के काम के नाम पर जनता में जाकर वोट मांगे और बांटने की राजनीति बंद कर दे।