भाजपा ने शिक्षा, स्वास्थ्य का बेड़ा गर्क किया
सीएम सुक्खू ने कहा कि हमारी सरकार आने वाले बजट में शिक्षा व स्वास्थ्य क्षेत्र में बदलाव करने जा रही है। भाजपा ने पांच साल में शिक्षा, स्वास्थ्य शिक्षा का बेड़ा गर्क कर दिया। चुनाव से पहले पांच हजार करोड़ रुपये की रेवड़ियां बांट दीं। इनसे पूछा जाना चाहिए जो आयकर टैक्स देता था, उसे बिजली सब्सिडी देने का क्या मतलब बनता है। जिनकी आय 50 हजार रुपये से ज्यादा है, उनका पानी का बिल माफ करने की क्या जरूरत थी। भाजपा प्रदेश में पांच गुटों में बंटी हुई है। सीएम ने कहा कि हम आपकी संपदा के संरक्षक हैं। सबसे पहले भ्रष्टाचार के चोर दरवाजों को हमने बंद किया। हमने कहा कि आम व गरीब आदमी के पैसों को लुटने नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वेष की भावना से नहीं बल्कि जनसेवा की भावना से कार्य कर रही है। हमारी सरकार प्रदेश के संसाधनों की संरक्षक है।
शिरगुल मंदिर कुपवी में की पूजा
मुख्यमंत्री ने शिरगुल मंदिर कुपवी में पूजा-अर्चना की। उन्होंने जय दुर्गा माता महिला मंडल को एक लाख रुपये और दुर्गा माता च्यामा प्रांगण महिला मंडल को पांच लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर जनसमस्याएं भी सुनीं और अधिकारियों को उनका त्वरित निवारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वयं सहायता समूह की ओर से लगाई गई प्रदर्शनियों का अवलोकन भी किया। इस अवसर पर आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनीराम शांडिल ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के कमजोर वर्गों को सशक्त करने के लिए योजनाएं व कार्यक्रम लागू कर रही है। इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान कर उनका सशक्तीकरण करने के प्रयास किए जा रहे हैं। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सहसचिव सुरेंद्र शर्मा, पंचायत समिति सदस्य जय लाल शर्मा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव चंद्रमोहन, कांग्रेस नेता हरि सिंह पचनायक, सचिव, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता आशीष सिंघमार, निदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता किरण भड़ाना, निदेशक महिला एवं बाल विकास गंधर्व राठौर, पुलिस अधीक्षक संजीव गांधी, वरिष्ठ अधिकारी, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि और गणमान्य लोग इस अवसर पर उपस्थित थे।