मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने छोटा शिमला स्थित सद्भावना चौक में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने लोगों से राजीव गांधी की ओर से दिखाए गए मार्ग पर चलने और उनके सिद्धांतों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी को आधुनिक भारत के निर्माता के रूप में याद किया जाता है। उन्होंने राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि देश में सूचना प्रौद्योगिकी क्रांति राजीव गांधी की दूरदृष्टि का परिणाम है, जिससे आज के युवा लाभान्वित हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजीव गांधी एक समाज सुधारक भी थे। उन्होंने 73वें और 74वें संविधान संशोधन के माध्यम से पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को आरक्षण सुनिश्चित किया। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी की सोच को आगे बढ़ाते हुए सोनिया गांधी ने राज्यसभा संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान करने के लिए विधेयक पारित करवाया।